सीएम गांव और देहात से चलने वाली है महागठबंधन की सरकार : हेमंत सोरेन

सीएम गांव और देहात से चलने वाली है महागठबंधन की सरकार : हेमंत सोरेन

बंशीधर न्यूज

मेदिनीनगर : राज्य की महागठबंधन की सरकार गांव और देहात से चलने वाली सरकार है। पूर्व के सरकारों के कार्यकाल में राज्य के गांव तक कभी कोई पदाधिकारी नहीं जाता था, लेकिन जब हमारी सरकार बनी तो गांव-गांव तक अधिकारी गये और अंतिम पायदान पर रहने वाली गरीब जनता की समस्याओं का ऑनस्पॉट समाधान किया गया। पंचायत व टोला स्तर पर शिविर लगाकर समस्यायें सुनते हुए उनका त्वरित समाधान किया गया।

उक्त बातें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कही। सीएम श्री सोरेन चियांकी हवाई अड्डा के मैदान में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के शुभारंभ के लिये आयोजित प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व सीएम श्री सोरेन ने अपने सहयोगी मंत्रियों के साथ संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने अपने सरकार के कार्यकाल के बीते दिनों को याद करते हुये कहा कि 2019 में राज्य में जब उनकी सरकार बनी तो बड़ी-बड़ी समस्यायें भी आने लगी।

कोरोना जैसी महामारी आ पहूंची। यह सर्वत्र त्राहिमाम का दौर था। लोग घरों में बंद होने को मजबूर थे। राज्य के मजदूर दूसरे राज्यों में जाकर फंस गये थे। जिन्हें वापस आने के लिये कोई साधन नहीं मिल रहा था। बहुत भयावह स्थिति थी। मजदूरी करने बाहर गयी महिलायें दूसरे राज्यों से पांव पैदल ही घर आने को निकल गयी थीं। ऐसी स्थिति में भी तत्कालीन केन्द्र की भाजपा की सरकार ने इन गरीबों के लिये साधन की कोई व्यवस्था नहीं करायी।

लेकिन वैसी स्थिति में भी हमारी सरकार ने बाहर फंसे मजदूरों को गाड़ियों ही नहीं बल्कि हेलीकॉप्टर से वापस लाने का काम किया। श्री सोरेन ने कहा कि उस भयावह स्थिति में भी हमारी सरकार ने हार नहीं मानी और गांव के गरीब मजदूरों को सारी सुविधायें उपलब्ध कराती रही। गांव की महिलाओं ने अपनी जान की परवाह किये बिना जरूरतमंदों को खाना खिलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि कोरोना ने हमारे सहयोगी दो मंत्रियों को हमसे छीन लिया। श्री सोरेन ने कहा कि पूर्व की सरकारों को गरीबों की कोई चिंता नहीं रही है।

उनके कार्यकाल में गांव के गिने-चुने बुढ़े-बुजुर्गों को पेंशन मिलता था लेकिन हमारी सरकार ने हर घर के बुजुर्ग को बृद्धा पेंशन दिलाना सुनिश्चित किया है। इतना ही नहीं तब 60 वर्ष के आयु वर्ग के बुजुर्गों को पेंशन मिलता था, जिसे हमारी सरकार ने घटाकर 50 वर्ष करने का काम किया। वर्तमान में हमारी महागठबंधन की सरकार ने 21 से 50 वर्ष तक की महिलाओं के लिये मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना शुरू किया है। इसके तहत हर गरीब महिला को 1000 रुपये प्रत्येक माह के हिसाब से 12000 रुपये सालाना सरकार देगी।

यह राशि हर माह के 15 तारीख तक लाभुक महिला के खाते में चली जायेगी। उन्होंने कहा कि एक घर में अगर 5 महिलायें हैं तो उनके घर हर साल 60000 रुपये सरकार से पहुंचाती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगली बार उनकी सरकार बनी तो हर गरीब के घर को एक लाख रुपये देने का काम करेंगे। कार्यक्रम में पहुंची लाखो महिलाओं को संबोधित करते हुये सीएम श्री सोरेन ने विपक्षी दलों पर भी जमकर वार किया। कहा कि दो-ढ़ाई साल तक विपक्षी दल के नेताओं ने उन्हें खूब परेशान करने का काम किया।

यहां तक कि झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजने का काम किया। लेकिन भगवान के घर में अंधेरा नहीं होता है। सच्चाई छुपने वाली नहीं है। विरोधियों ने सत्ता छीनने के प्रयासों में कोई कसर नहीं छोड़ी, क्योंकि इन्हें पता था कि हम गांव-गरीब को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से राज्य की 42 लाख महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। इसके पूर्व भी सावित्री बाई फूले योजना से सरकार ने 9 लाख बच्चियों को जोड़ने का काम किया है। यह संख्या अब बढ़कर 15 लाख होने जा रहा है।

इसके पूर्व सरकार के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, बैजनाथ राम, दीपिका सिंह पांडेय, बेबी देवी, सत्यानंद भोक्ता आदि ने अपने संबोधन में सीएम श्री सोरेन की सोच व कार्यों की जमकर तारीफ की। साथ ही सरकार द्वारा गरीब कल्याण के लिये चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं का हवाला देते हुये आने वाले चुनाव में विपक्षी पार्टियां को मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान किया। पलामू के डीसी शशिरंजन ने सीएम समेत सभी आगंतुक मंत्रियों का स्वागत किया। इस दौरान सीएम श्री सोरेन ने 5.48 लाख लाभुकों के बैंक खाते में एक-एक हजार रुपये जारी किया।

इनमें पलामू की 2.41 लाख, गढ़वा 1.97 जबकि लातेहार की 1.09 लाख महिलायें शामिल थी। मौके पर जेएमएम के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंन्हा, सचिव सोनू सिद्दीकी, संजीव तिवारी, सुनील तिवारी, पलामू जिला जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह उर्फ टूटू सिंह, दया सिंह, मिनी सिंह, राजद जिलाध्यक्ष धनंजय पासवान, प्रमंडलीय आयुक्त, आईजी, डीआईजी, पलामू, गढ़वा, लातेहार के डीसी, एसपी व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।