शादी का नहीं लगा साल, दंपति ने कुएं में कूद कर दी जान

शादी का नहीं लगा साल, दंपति ने कुएं में कूद कर दी जान

पुलिस ने आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए शुरू की जांच

बंशीधर न्यूज़

रामगढ़: रामगढ़ शहर में कुछ महीने पूर्व शादी के बंधन में बंधे एक नव दंपति ने कुएं में कूद कर अपनी जान दे दी है। गुरुवार की सुबह उस दंपति की लाश जब कुएं से बाहर निकाली गई तो उनकी पहचान विशु कुशवाहा और अंजलि के रूप में की गई।

इस घटना की जानकारी देते हुए रामगढ़ थाना प्रभारी अजय कुमार साहू ने बताया कि गोरियारीबाग में विशु कुशवाहा उर्फ गोलू (25) और अंजली देवी (22) की लाश बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान जो बात सामने आई है उससे ऐसा लगता है कि इस दंपति ने आत्महत्या की है।

इसकी वजह जानने के लिए जांच भी शुरू कर दी गई है। मृतकों के परिजनों से बात की जा रही है। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि यह दंपति पिछले कुछ समय से यहां रह रहे थे। दोनों का प्रेम विवाह कुछ महीने पूर्व रामगढ़ थाना परिसर में हुआ था। दोनों का परिवार शहर के नए बस स्टैंड के निकट रहता है।

21 फरवरी की शाम को अंजलि के पेट में दर्द होने पर उसके पति ने इलाज के लिए रामगढ़ छावनी अस्पताल ले गया था। इस बात की सूचना पर अंजली देवी के सास ससुर भी घर आए थे। लेकिन वह देर शाम को वापस चले गए।

सुबह मोहल्ला के लोगों ने जब घर बंद देखा तो पति-पत्नी की खोज आरंभ की। घर के बगल के एक कुएं के बाहर कपड़े देख लोग चौक गए। पुलिस ने दंपति के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।