पीकअप के पलटने से डेढ़ दर्जन मजदूर घायल, तीन गंभीर

रितेश दूबे

विशुनपुरा : विशुनपुरा के सारो गांव में पीकअप वाहन के पलटने से डेढ़ दर्जन मजदूर घायल हो गये। घटना में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों सुगिया देवी, ओमप्रकाश वियार और दुबे वियार को घटनास्थल से इलाज के लिये सदर अस्पताल ले जाया गया है। जबकि अन्य घायलों का इलाज अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है।

घटना गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे की है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल जाना तथा इलाज में सहयोग किया। 

उधर घायलों का इलाज कर रही अस्पताल की डीएस डॉ सुचित्रा ने बताया कि अस्पताल में 15 लोग इलाजरत हैं। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार ये सभी मजदूर एक पीकअप वाहन से पिपरीकला में हो रहे जलमीनार निर्माण कार्य में काम करने जा रहे थे। सारो स्थित बजरंग बली मंदिर के समीप वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। जिससे सभी मजदूर घायल हो गये।

घटनास्थल पर अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पहुंच कर घायलों को इलाज के लिये अनुमंडल अस्पताल पहुंचाने में मदद किया।