चमगादड़ों की मौत मामले में पहुंचे कई विभाग के अधिकारी एवं कर्मी

बंशीधर न्यूज
कांडी : गर्मी, धूप तथा कड़ाके की लू के कारण सुंडीपुर में काफी संख्या में चमगादड़ों की मौत होने की जानकारी मिलने पर गुरुवार को सुंडीपुर गांव में सरकारी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों का जमावड़ा लगा रहा। जानकारी देते हुये गाड़ा खुर्द पंचायत की मुखिया आरती सिंह के प्रतिनिधि सह क्षत्रिय करणी सेना के गढ़वा जिलाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने बताया कि सबसे पहले भवनाथपुर वन क्षेत्र के रेंज ऑफिसर प्रमोद कुमार ठाकुर के नेतृत्व में अनिल गिरी फॉरेस्टर एवं वन कर्मियों की टीम सुंडीपुर पहुंची।
उन्होंने उन सभी स्थानों का मौके पर जाकर जायजा लिया जहां पर चमगादड़ों की काफी संख्या में मौत हुई थी। वन विभाग के कर्मचारियों ने अधिकारियों के आदेश पर काफी संख्या में चमगादड़ों का शव इकट्ठा कर उसे गढ्ढा खोद कर दफनाया गया। कुछ देर के बाद पशु चिकित्सा पदाधिकारी के नेतृत्व में पशुपालन विभाग की टीम भी सुंडीपुर पहुंची। उन्होंने भी सभी स्थानों का मौके पर जाकर जायजा लिया। पशुपालन विभाग की टीम ने चमगादड़ों के शव को सील बंद करके पुणे प्रयोगशाला में भेजने के लिये सुरक्षित रखा।
जहां जांच के बाद मृत्यु के कारणों का पता लगाया जा सके। इसके बाद कांडी बीडीओ सह सीओ मो आफताब आलम भी सुंडीपुर पहुंचे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने चौधरी टोला के नजदीक सुंडीपुर बगीचा में पीपल पेड़, सुंडीपुर देवी धाम के पूर्व बरगद का पेड़ एवं गोरेया बाबा के पास पीपल के पेड़ के निकट इस हादसे को लेकर मौका मुआयना किया। इन्हीं पेड़ों पर झुलसकर सैकड़ो से अधिक की संख्या में बुधवार को चमगादड़ों की मौत हुई थी।
इसके बाद मझिआंव रेफरल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गोविंद प्रसाद सेठ के नेतृत्व में मेडिकल स्टाफ ने कैंप लगाकर वैसे लोगों की जांच किया जिन्होंने मृत चमगादड़ों का मांस बनाकर खाया था। हालांकि कार्रवाई के डर से लोगों ने चमगादड़ खाना कबूल नहीं किया। काफी कोशिश के बाद करीब 25 लोगों ने चमगादड़ का मांस खाना कबूल किया। जिनकी जांच की गई। जांच के लिये सैंपल भी लिया गया।
जांच के बाद डॉ गोविंद प्रसाद सेठ ने सभी लोगों को सुरक्षित बताया। बीडीओ एवं अन्य विभागीय अधिकारियों ने मृत पक्षियों के शव को छूने से लोगों को सख्ती से मना किया। साथ ही कड़ाके की धूप एवं लू से बचने की सलाह दी। मौके पर पशु चिकित्सक डॉ अमित कुमार अमित, आइडीएसपी संतोष मिश्रा, मलेरिया विभाग अरविंद द्विवेदी, स्वास्थ्य विभाग से आलोक सिंह, संजय ठाकुर, सुचित सिंह, पूनम कुमारी, आशा देवी आदि उपस्थित थे।