जंघासी के मुखिया पति ने पाटन ब्लॉक के कंप्यूटर ऑपरेटर को पीटा, बीडीओ ने भेजा थाने

जंघासी के मुखिया पति ने पाटन ब्लॉक के कंप्यूटर ऑपरेटर को पीटा, बीडीओ ने भेजा थाने

बंशीधर न्यूज

पलामू: महिला मुखिया के पतियों की मनमानी लगातार हो रही है। महिला मुखिया के बदले करीब करीब कार्यों में उनके पतियों का दखल रहता है और उनके अनुसार ही कार्य किए जाते हैं। पलामू जिले के पाटन प्रखंड कार्यालय में कुछ इसी तरह की स्थिति देखने को मिली। किसी जरूरी कार्य के लिए जंघासी मुखिया पिंकी देवी की जगह उनके पति मुकेश सिंह कुछ लोगों के साथ पहुंचे और कंप्यूटर ऑपरेटर उत्तम कुमार की पिटाई कर दी।

मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार झा ने सक्रियता दिखाई और पुलिस को बुलाकर मुखिया पति को थाना भिजवा दिया। मामला काफी गर्म हो गया है और पुलिस के लिए सिर दर्द बढ़ा हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि बुधवार की दोपहर में मुकेश सिंह 10 से 15 लोगों के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे। किसी प्रमाण पत्र को छोड़ने को लेकर कंप्यूटर ऑपरेटर उत्तम से बातचीत के क्रम में मामला बढ़ गया और मुखिया पति ने कंप्यूटर ऑपरेटर की थपड़ो से पिटाई कर दी।

बताया जाता है कि जब पुलिस प्रखंड कार्यालय पहुंची तो मुखिया पति को गाड़ी के बीच वाले सीट पर बैठकर ले जा रही थी, लेकिन बीडीओ ने स्पष्ट तौर पर कहा कि मुखिया पति ने मारपीट की है। ऐसे में उसे इज्जत देकर बीच के सीट पर ले जाना कहीं से भी न्याय संगत नहीं है।

उन्हें पीछे की सीट पर बैठ कर ले जाया जाए। अगर गाड़ी की जरूरत है तो प्रखंड कार्यालय से गाड़ी मुहैया कराई जाएगी। हालांकि पुलिस अपनी गाड़ी से ही मुखिया पति को थाना ले गयी। थाना में काफी गहमगामी की स्थिति देखने को मिली।