दो टेम्पो आपस में टकराए, एक महिला की मौत, 9 घायल

दो टेम्पो आपस में टकराए, एक महिला की मौत, 9 घायल

बंशीधर न्यूज

पलामू: डालटनगंज शहर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन से आगे हनुमान मंदिर के सामने मुख्य सड़क पर दो टेम्पो आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के 9 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना दोपहर करीब ढाई बजे की है।

एमआरएमसीएच में भर्ती एक घायल ने बताया कि सारे लोग 23 अप्रैल को शादी समारोह में लठैया के लरमी में बहनोई सत्येन्द्र सिंह के घर गए थे। भांजे की शादी थी। वहां से आज सुबह लौट रहे थे। रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।

मृत महिला की पहचान राजधानी देवी (32) पति अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। घायलों में सविता देवी (30) पति उमेश सिंह, कविता देवी (40) पति अनिल सिंह, अर्जुन सिंह (35) पिता सुरेश सिंह, ममता कुमारी (15) पिता मनोज सिंह, कमल देवी (40) पति मनोज सिंह, शकुंती देवी (25) पति अनिल सिंह, सुजीत कुमार (12) पिता अर्जुन सिंह, मनीषा कुमार (5) पिता संतोष सिंह, लक्ष्मी कुमारी (5) पिता मनोज शामिल हैं। सभी घायल पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के छापर गांव निवासी बताए गए हैं। घटना के बाद से दोनों टेम्पो के चालक फरार हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।