पलामू में भाजपा के बूथ स्तरीय सम्मेलन में अबकी बार 400 पार का दिया नारा

पलामू में भाजपा के बूथ स्तरीय सम्मेलन में अबकी बार 400 पार का दिया नारा

बंशीधर न्यूज

पलामू: भाजपा ने पलामू के शिवाजी मैदान में रविवार को बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में भाजपा के झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी सहित अन्य सीनियर नेताओं की मौजूदगी में अबकी बार 400 पार का नारा दिया गया।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान झारखंड भाजपा प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान विभिन्न संगठनों और सामाजिक संगठन से जुड़े लोगों से मुलाकात की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे तीन लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा के अभियान में शामिल रहेंगे। उन्होंने लोकसभा की सभी 14 सीटों पर जीत का भी दावा किया।

एक सवाल के जवाब में वाजपेयी ने कहा कि चुनाव की घोषणा से पहले पार्टी ने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। बाकी बची हुई सीटों पर जल्द ही प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की जाएगी। पलामू लोकसभा सीट से प्रत्याशी सांसद विष्णुदयाल राम ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में कई कार्य हुए हैं। पलामू के इलाके में सिंचाई समेत कई क्षेत्र में कार्य हुए हैं। मोदी सरकार के तृतीय कार्यकाल में पलामू समेत पूरे देश की तस्वीर बदलेगी।

बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू, भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह विधायक भानु प्रताप शाही, विधायक आलोक चौरसिया, विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, विधायक पुष्पा देवी, पूर्व सांसद घूरन राम, भाजपा के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, सुरेंद्र विश्वकर्मा समेत कई लोगों ने संबोधित किया।