गढ़वा में तीन दिवसीय 24वीं राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता

गढ़वा में तीन दिवसीय 24वीं राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता

गढ़वा में शुरू हुई टीटी की दुनिया में बादशाहियत की खोज

कलाई और दिमाग का जोर आजमाईश कर रहे हैं झारखंड के 143 खिलाड़ी

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : गढ़वा जिला टेबल टेनिस संघ की मेजबानी में आयोजित 24 वीं राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का उद्घाटन बुधवार को जिला मुख्यालय के नवादा मोड़ स्थित बंधन मैरिज हॉल में किया गया। इसके साथ ही टीटी की दुनिया में बादशाहियत की खोज शुरू हो गई। इस क्षेत्र में महारथ हासिल करने के लिये झारखंड के 143 खिलाड़ी अपनी कलाई और दिमाग का जोर आजमाईश कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन संघ के संरक्षक अलख नाथ पांडेय, झारखंड टेबल टेनिस संघ के उपाध्यक्ष सेबल गुप्ता, सुप्रसिद्ध युवा सर्जन डॉ कुमार निशांत, अध्यक्ष मदन प्रसाद केशरी, सचिव आनंद सिन्हा, सिस्टर रोशना, संजय सोनी, सुशील केशरी, नंद कुमार गुप्ता, ललन सोनी, रविन्द्र जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। मौके पर संरक्षक श्री पांडेय ने कहा कि खेलों में हार जीत आम बात है। अनुशासित खिलाड़ी हर हार से सबक लेकर जीत की ओर अग्रसर होते रहते हैं।

आप सभी अनुशासन दिखाते हुये अपने खेल का शत प्रतिशत प्रदर्शन करें। विशिष्ट अतिथि डॉ कुमार निशांत ने कहा कि गढ़वा जिला टेबल टेनिस संघ पांच साल के अंदर दूसरी बार प्रतियोगिता आयोजित कर रही है इसके लिये उन्हें बहुत-बहुत बधाई देता हूं। खेल के विकास के लिये संघ लगातार प्रयासरत है। खेल में हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल भावना और खेलना जरूरी है। अध्यक्ष मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि गढ़वा जिला ने टेबल टेनिस के क्षेत्र में ओलंपिक खेलने का सपना देखा है और यह सपना झारखंड टेबल टेनिस संघ अपने खिलाड़ियों के बदौलत पूरा करने का प्रयास करेगा।

सचिव आनंद सिन्हा ने कहा कि गढ़वा जिले को तीसरी बार राज्य का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है और यह प्रतियोगिता गढ़वा जिला सभी के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न करेगा। ज्ञात हो कि इस प्रतियोगिता में राज्य के 10 जिले के विभिन्न आयु वर्ग में 143 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। जिसमें 91 बालक और 52 बालिकाएं शामिल हैं। प्रतियोगिता छह टेबल पर खेले जायेंगे। प्रतियोगिता दो मुख्य रेफरी और 12 अंपायर की देखरेख में सम्पन्न होगी। प्रतियोगिता का समापन 20 अक्टूबर को होगा।

मौके पर गढ़वा जिला टेबल टेनिस संघ के उपाध्यक्ष धनंजय सिंह, कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार दुबे, दीपक, ललन सोनी, अशोक कुमार दुबे, मुजीबुद्दीन खान, सह सचिव प्रिंस सोनी, रामाशंकर सिंह, अभय कुमार, संजय सिंह, आमोद कुमार पाण्डेय, अजय कुमार ठाकुर, पलामू जिला टेबल टेनिस संघ के सचिव नवनीत सुंदरम, प्रवीण मिश्रा सहित कई लोग शामिल थे।