सीएम हेमंत ने अनंत के समर्थन में की चुनावी सभा कहा, भाजपा करती है नफरत की राजनीति

सीएम हेमंत ने अनंत के समर्थन में की चुनावी सभा कहा, भाजपा करती है नफरत की राजनीति

बंटोगे तो कटोगे कहने वाले अब राजनीतिक रूप से कुटे जायेंगे

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है। हिंदु मुस्लमान कर लोगों को बांटने का काम करती है। जहां हिंदू मुस्लिम सिख इसाई मिलकर रहते हैं, वहां उनकी दाल नहीं गलती। इसीलिये ये लोग लोगों में दरार पैदा कर वोट लेना चाहते हैं। वे रविवार को यहां गोसाईबाग के मैदान में झामुमो प्रत्याशी अनंत प्रताप देव के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मेरे नेतृत्व में सरकार का 5 साल जनता को समर्पित रहा है।

जनता की सेवा के लिये कई ऐसी योजनाएं चलाई। हर वर्ग के लोगों को लाभ देने का काम किया है। जिससे जनता को सीधा लाभ मिला है। 5 साल बाद एक बाद फिर से आपके बीच आशीर्वाद मांगने आया हूं। श्री सोरेन ने कहा कि यहां के लोग काफी गरीब हैं। कर्ज के बोझ तले दबे हुये थे। जिसका एहसास मुझे था। लोगों की जिंदगी आसान बनाने के लिये मैंने केसीसी लोन के साथ बिजली माफ करने का फैसला किया। कोरोना काल में जहां आम लोग भाजपा द्वारा लगाये गये लॉकडाउन के कारण घर से काफी दूर फंसे हुये थे।

उन्हें लाने के लिये मैंने हवाई जहाज तक का सहारा लिया। इस दौरान प्रदेश की महिलाओं ने मेरा खूब साथ दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के लिये मंईयां सम्मान योजना लागू किया है। अभी एक हजार दिया जा रहा है। दिसंबर से 2500 सौ रुपये देने का फैसला मेरी सरकार ने कर लिया है। वहीं अगले कार्यकाल में हर महिलाओं के खाते में एक लाख रुपये दिया जायेगा। सीएम ने भाजपा द्वारा लगाये जा रहे बंटोगे तो कटोगे नारे पर भी कटाक्ष किया।

उन्होंने कहा कि यहां ना तो कोई बटेगा और ना ही कोई कटेगा, बंटोगे तो कटोगे कहने वाले अब राजनीतिक रूप से कुटे जायेंगे। उन्होंने केंद्रीय बलों पर भी प्रहार किया। कहा कि अन्य राज्यों से सुरक्षा बलों को भेज कर झारखंड में वोट के लिये लोगों को डराने धमकाने का काम किया जा रहा है। सिमडेगा में ऐसा ही एक मामला केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा देखने को मिला है। इसलिये सभी लोगों को सजग और चौकस रहने की जरूरत है।

सीएम ने भवनाथपुर में पावर प्लांट लगाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि मेरे अगले कार्यकाल में पावर प्लांट लगाने का काम किया जायेगा। जिससे क्षेत्र को पर्याप्त बिजली मिलेगी। वहीं लोगों को मुफ्त बिजली दी जायेगी। लेकिन भाजपा की तरह नहीं बल्कि यहां की बिजली यहीं मिलेगी। भाजपा वाले झारखंड में पावर प्लांट लगाकर बांग्लादेश को बिजली सप्लाई करते हैं। बांग्लादेश से इनका प्यार गजब तरीके का है। सीएम ने असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा पर भी जमकर हमला बोला। कहा कि वे अपने प्रदेश को छोड़कर झारखंड में एक से डेढ़ साल से रहकर यहां के लोगों को बांटने का काम कर रहे हैं।

घुसपैठियों की बात करते हैं। जबकि सबसे अधिक घुसपैठिये असम में ही रहते हैं। वहां से घुसपैठियों को चुनाव के लिये अलग-अलग प्रदेशों में ट्रांसफर किया जाता है। अगर देश में घुसपैठियां आते हैं तो यह केंद्र सरकार की नाकामी है। क्योंकि सीमा की सुरक्षा केंद्र सरकार के हाथों में है। सीएम ने इस दौरान माटी, बेटी और रोटी पर भी जमकर बात की। कहा की गुजरात में बिलकिस बानो का उदाहरण सबके सामने है। कई लोगों ने बिलकिस बाणों का बलात्कार किया। लेकिन भाजपा की सरकार ने वोट बैंक के लिये उन आरोपियों को पैरोल पर रिहा कर दिया।

इस तरह पंजाब में बलात्कारी राम रहीम को पैरोल देकर भाजपा के लोग वोट बैंक की राजनीति करते हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से पार्टी के प्रत्याशी अनंत प्रताप देव उर्फ छोटे राजा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। सभा को पूर्व विधायक व झामुमो प्रत्याशी अनंत प्रताप देव, ताहिर अंसारी, दीपक प्रताप देव, सोगरा बीबी, केपी यादव, जवाहर पासवान, सूर्यदेव मेहता, अमरनाथ पांडेय, अमर राम, देवेंद्र सिंह, कमलेश मेहता, किरण देवी, राजा सिंह सहित कई लोगों ने संबोधित किया। मंच संचालन झामुमो नेता मुक्तेश्वर पांडेय ने किया। सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।