जो पिछड़ों के हित की बात करेगा, वैश्य समाज उसके साथ रहेगा : महेश्वर साहू

जो पिछड़ों के हित की बात करेगा, वैश्य समाज उसके साथ रहेगा : महेश्वर साहू

पूरे राज्य में संगठन का होगा विस्तार व सुदृढ़ीकरण

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहू ने कहा कि पूरे प्रदेश में संगठन का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण किया जयेगा। इसके तहत गढ़वा में संयोजक नियुक्त किये गये हैं। उन्होंने कहा कि पिछड़ों के हित की जो बात करेगा, पिछड़ों को अधिकार दिलाने का काम करेगा आगामी विधानसभा चुनाव में वैश्य मोर्चा उसके साथ रहेगा। श्री साहू ने तीन दिवसीय गढ़वा प्रवास के दौरान रविवार को सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर उक्त बातें कही।

श्री साहू ने कहा कि उनकी टीम तीन दिवसीय गढ़वा जिला के दौरा पर है। संगठन विस्तार एवं अपने मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने के लिये यह दौरा किया जा रहा है। वैश्य मोर्चा नेताओं ने केंद्रीय महासचिव गढ़वा जिला प्रभारी कंचन साहू के नेतृत्व में परिसदन में प्रमुख लोगों के साथ आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से भुनेश्वर सोनी एवं संतोष कुमार गुप्ता को जिला संयोजक तथा संजय केशरी को गढ़वा नगर मंडल संयोजक मनोनीत किया गया है।

साथ ही मेराल के सामुदायिक भवन में आयोजित प्रखंड स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से सुनेश्वर साह एवं अनुज प्रसाद को प्रखंड संयोजक बनाया गया। जबकि प्रमोद कुमार तथा सूर्य योगेन्द्र कुमार को युवा मोर्चा का संयोजक बनाया गया है। श्री साहू ने कहा कि आगामी 2 अक्टूबर को रांची में सद्भावना वैश्य महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राज्य के सभी जिलों से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को शामिल होने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में पिछड़ों की आबादी 52 प्रतिशत से अधिक है। इसमें 40 प्रतिशत से अधिक वैश्य हैं। अलग राज्य बनने के बाद भाजपा ने पिछड़ा वर्ग को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया है। एकीकृत बिहार में ओबीसी समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था। परंतु झारखंड बनने के बाद भाजपा ने इसे घटाकर 14 प्रतिशत कर दिया। उन्होंने कहा कि मोर्चा के प्रयास से झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के सहयोग से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा था।

लेकिन यह दुर्भाग्य है कि राज्यपाल ने उसे केंद्र को भेजने के बजाय खारिज कर दिया। मैके पर मुख्य रूप से मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष अनंतलाल विश्वकर्मा, केंद्रीय सदस्य सुनील प्रसाद साव, कंचन साहू आदि लोग उपस्थित थे।