गुड गवर्नेंस और लोकतंत्र की मजबूती में महिलाओं की अहम भूमिका: उपायुक्त

गुड गवर्नेंस और लोकतंत्र की मजबूती में महिलाओं की अहम भूमिका: उपायुक्त

बंशीधर न्यूज

पलामू: ग्रामीण विकास विभाग के पलाश-झारखंड लाइवलीहुड प्रोमोशन सोसाईटी की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-सह-फूलो झानों आशीर्वाद सम्मेलन डालटनगंज के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्मृति भवन में शनिवार को किया गया। मौके पर उपायुक्त शशि रंजन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं के लिए भेजे गए संदेश पढ़कर सुनाया, जबकि पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने शपथ दिलाई।

मौके पर उपायुक्त ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की ओर से समाज में दिए गए योगदान, उनके संघर्ष तथा उनके सामने आने वाली चुनौतियों की याद दिलाता है। महिलाएं हम सभी के लिए खास हैं। प्रत्येक घरों में महिलाओं के संघर्ष की अपनी-अपनी कहानी है। इसमें महिलाओं का विशेष स्थान होता है, जो परिवार को संभालकर चलती हैं। गुड गवर्नेंस और लोकतंत्र की मजबूती में महिलाओं की अहम भूमिका है। उपायुक्त ने महिला उत्थान के लिए जिले में चलायी जा रही सभी योजनाओं की जानकारी दी।

उपायुक्त ने महिलाओं की ओर से पूछे गए प्रश्नों का जवाब देकर उनकी जिज्ञासा शांत की। पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने कहा कि महिला होना गर्व की बात है। विकास में महिलाओं का महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार की ओर से भी महिलाओं का काफी सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से अबतक जो नहीं जुड़ पाई हैं, उन्हें भी जोड़ने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान में पुरूषों की भी भागीदारी होनी चाहिए।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान ने कहा कि महिलाओं का तीव्र गति से विकास हो रहा है। जेएसएलपीएस की डीपीएम अनिता केरकेट्टा ने कहा कि सरकार की ओर से महिलाओं को विभिन्न क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलायी जा रही है। जिले में 18990 समूह से जुड़कर महिलाएं अपने अपने सपनों को पंख दे रही हैं। मुख्यमंत्री की ओर से शराब बिक्री के कार्य में जुड़ी महिलाओं को सम्मानजनक वैकल्कि स्वरोजगार से जोड़ने के लिए फूलो झानो आशीर्वाद योजना की शुरूआत की गई है।

इसके तहत वैसी महिलाओं को 50 हजार रूपये तक एक साथ ब्याज मुक्त ऋण देने का प्रावधान है। पलामू में 602 महिलाएं इसका लाभ ले रही हैं। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा सहित अन्य पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में सखी मंडल की महिलाएं और आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका उपस्थित थे।