रांची में बार के बाहर दो पक्षों के बीच झड़प के बाद फायरिंग, मामला दर्ज

रांची में बार के बाहर दो पक्षों के बीच झड़प के बाद फायरिंग, मामला दर्ज

बंशीधर न्यूज

रांची: राजधानी के मोरहाबादी मैदान स्थित रुइन हाउस बार के बाहर दो पक्षों के बीच झड़प के बाद फायरिंग की घटना हुई है। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। गोलीबारी की घटना को लेकर भास्कर कुमार ने बरियातू थाना में शनिवार को प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रुइन बार एंड रेस्टोरेंट में धनबाद से कुछ युवक जन्मदिन मनाने आये थे। इस दौरान रेस्टोरेंट में रांची के कांके रोड के कुछ युवक पहले से मौजूद थे। पार्टी के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

मामला गाली-गलौच से शुरू हुआ और मारपीट तक पहुंच गया। इस बीच बार में मौजूद बाउंसर ने दोनों पक्षों को समझाया और बार से बाहर कर दिया। बाहर आते ही दोनों पक्ष आपस में मारपीट करने लगे। इसी बीच कांके रोड के एक युवक, जिसका नाम अमित सिंह बताया जा रहा है कि उसने लाइसेंसी हथियार से फायरिंग कर दी।

हालांकि, गोली किसी को नहीं लगी। मामले की सूचना पाकर जब तक बरियातू पुलिस मौके पर पहुंची तब तक एक पक्ष के लोग जिन्होंने फायरिंग की थी, वे मौके से भाग चुके थे।

पुलिस ने रेस्टोरेंट के बाहर से एक खोखा भी बरामद किया है। थाना प्रभारी सुरेश मंडल ने बताया कि फायरिंग मामले में एफआईआर दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।