कृषि मंत्री ने डाली पंचायत की मुखिया पूनम जायसवाल को किया सम्मानित

सेवा कभी बेकार नहीं होती मेहनत करने वाले की कभी हार नहीं होती : मुखिया पूनम
मुखिया ने कृषि मंत्री व राज्यसभा सांसद को दिया आम का पौधा
बंशीधर न्यूज
पलामू : रांची लालपुर चौक स्थित होटल रॉयलिसयन में आयोजित महिला सम्मान समारोह में शिक्षा, चिकित्सा व पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय व उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में पलामू के विश्व व्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान के राष्ट्रीय प्रधान सचिव सह डाली बाजार पंचायत की मुखिया पूनम जायसवाल को समाजसेवा व पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिये सम्मानित किया गया।
सूबे के कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की एवं राज्यसभा सांसद महुआ मांझी ने पूनम जायसवाल को मोमेंटो देकर, शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके पूर्व मुखिया पूनम जायसवाल ने पर्यावरण धर्म के तहत मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की एवं राज्यसभा सांसद महुआ मांजी को थाईलैंड प्रजाति के बारहमासी आम का पौधा समर्पित कर उन्हें सम्मान दिया। सम्मानित होने के बाद मूखिया पूनम जायसवाल ने कहा कि सेवा कभी बेकार नहीं होती और मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती।
मुखिया कहा है कि पर्यावरण धर्म और वनराखी मूवमेंट अभियान को वे अपने पति प्रसिद्ध पर्यावरणविद डॉ कौशल किशोर के साथ नेपाल, भूटान, वर्मा, गंगापुर, मलेशिया, अजरबैजान जैसे कई देश व राज्यों में जाकर लोगों को पर्यावरण सुरक्षा के लिये जागरूक कर उनके बीच निःशुल्क पौधा वितरीत किया है। पिछले सप्ताह में उन्होंने गुजरात में एक सप्ताह तक संचालित कार्यक्रम के दौरान वहां के द्वारकाधीश, जूनागढ़, भेट द्वारका, नागेश्वर, सोमनाथ समेत अहमदाबाद स्थित गांधी आश्रम में पर्यावरण धर्म पर आयोजित कार्यक्रम में कई राज्यों के लोगों को पर्यावरण धर्म की शपथ दिलाई।
इस दौरान वहां के लोगों को बताया कि बेतहाशा बढ़ते प्रदूषण, भीषण गर्मी, जल संकट और जलवायु परिवर्तन को रोकना है तो लोगों को अपना धर्म के साथ-साथ पर्यावरण धर्म को अपनाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिंदा रहना है तो सभी को पौधा लगाना होगा। क्योंकि उक्त विभीषिकाओं से बचने का दूसरा कोई भी विकल्प नहीं है। उक्त कार्यक्रम में उनकी पुत्री सह शिक्षिका ज्योति जायसवाल भी मौजूद थी।