मेराल में धूमधाम से मनाई गई अंबेडकर जयंती

बंशीधर न्यूज
मेराल: संविधान निमार्ता डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती सोमवार को प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम से मनाई गई। दर्जनों जगह कार्यक्रम का आयोजन कर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर लोगों ने उन्हें नमन किया, साथ ही भारतीय संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रखंड मुख्यालय के बस स्टैंड स्थित अंबेडकर चौक पर बहुजन समाज पार्टी जिला इकाई गढ़वा द्वारा आयोजित जयंती समारोह का शुभारंभ बाबा साहब की स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिला, पुरुष व बच्चों द्वारा जागरूकता रैली कार्यक्रम स्थल से निकाली गई जो मस्जिद चौक होते हुए अस्पताल चौक से पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुई।
इस दौरान लोग बाबा साहेब अमर रहे आदि नारे लगा रहे थे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बसपा के केंद्रीय राज्य प्रभारी डॉ लाल जी ने कहा की बाबा साहब के मिशन को बीएसपी प्रमुख बहन मायावती ही पूरा कर सकती है। आज डॉ अंबेडकर के नाम पर राजनीति करने वाले लोग केवल उनके अनुयायियों का वोट हासिल करना चाहते हैं, जिन्हें उनके मिशन से कोई लेना देना नहीं है।
एक तरफ भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार भारतीय संविधान को बदलना चाहती है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के नेतृत्व वाली गठबंधन संविधान की रक्षा के नाम पर देश की जनता को गुमराह कर सत्ता प्राप्त करना चाहती है। कार्यक्रम को डॉ मेघंकर, पूर्व प्रत्याशी अजय कुमार चौधरी, प्रदेश सचिव सुनीता देवी, एससी एसटी कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रघुराई राम आदि ने संबोधित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नंद पासवान एवं संचालन मोतीराम ने किया। वहीं हाई स्कूल के प्रांगण में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। माल्यार्पण करने वालों में भाजपा के वरिष्ठ नेता हरेंद्र कुमार द्विवेदी, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि डॉ लालमोहन, मंडल अध्यक्ष रुपू महतो, मनोज जायसवाल, कृष्ण प्रसाद कुशवाहा रविंद्र प्रसाद शिवनारायण चौधरी सहित कई लोग थे।
वहीं गुरु रविदास आश्रम संगवरिया स्थित बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की स्थापित प्रतिमा पर मल्यार्पन एवं द्वीप प्रज्ज्वलित कर जयन्ती समारोह का शुभारंभ रघुराई राम ने किया।