अन्नराज डैम को पर्यटन तथा इको टूरिज्म के दृष्टिकोण से किया जायेगा विकसित : मुख्य सचिव

बंशीधर न्यूज
गढ़वा : झारखंड की मुख्य सचिव अलका तिवारी ने शनिवार को गढ़वा जिले के अन्नराज डैम का भ्रमण किया। इस दौरान वहां की मुखिया कौशल्या देवी ने मुख्य सचिव अलका तिवारी को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। अन्नराज डैम पहुंचने के बाद उन्होंने डैम में पर्यटन के विकास व इको टूरिज्म के संबंध में जानकारी हासिल की और सुझाव लिये। मौके पर मुख्य सचिव ने डैम के अन्य क्षेत्रों में भी पर्यटन के विकास पर फोकस करने की बात कही तथा इस पर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि डैम में पर्यटन के विकास की असीम संभावनाएं हैं। प्राकृतिक दृष्टिकोण से यह जगह बहुत ही सुंदर और मनमोहक है। इस डैम से आस पास के 250-300 गांव में सिंचाई की जा रही है। यह और भी ज्यादा विकसित होगा। जिला प्रशासन द्वारा इसको और भी बेहतर और विकसित करने को लेकर प्रस्ताव भेजा गया जिसपर राज्य सरकार द्वारा इस डैम क विकास की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इससे पूर्व मुख्य सचिव को गढ़वा आगमण पर परिसदन गढ़वा में डीसी शेखर जमुआर ने उन्हें पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया तथा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मुख्य सचिव के साथ उनके पति पूर्व मुख्य सचिव डॉ डीके तिवारी, डीसी शेखर जमुआर, एसपी दीपक कुमार पाण्डेय, डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा, एसी राज महेश्वरम, गढ़वा बीडीओ एवं सीओ समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।