बसपा एवं आजद समता पार्टी के गढवा जिलाध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ ओबीसी मोर्चा में शामिल

बसपा एवं आजद समता पार्टी के गढवा जिलाध्यक्ष अपने  समर्थकों के साथ ओबीसी मोर्चा में शामिल

झारखंड क्रांति मंच के संस्थापक सह केंद्रीय अध्यक्ष ने ब्रह्मदेव प्रसाद के समर्थन का किया ऐलान

बंशीधर न्यूज

विश्रामपुर: ओबीसी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सह विस प्रत्याशी ब्रह्मदेव प्रसाद उर्फ बीड़ी प्रसाद के विश्रामपुर नगर परिषद मुख्यालय स्थित चुनावी कार्यालय में बसपा व आजाद समता पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता ओबीसी मोर्चा में शामिल होकर चुनाव में बीड़ी प्रसाद को सहयोग करने की अपनी प्रतिबद्धता दुहरायी। वहीं झारखंड क्रांति मंच के संस्थापक सह केंद्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने मोर्चा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में शामिल होकर विस प्रत्याशी ब्रह्मदेव प्रसाद उर्फ बीड़ी प्रसाद को चुनाव में सहयोग करने का ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशी अपने अपने पार्टी के एजेंडे से बंधे हुए हैं जबकि एक मात्र प्रत्याशी ब्रह्मदेव प्रसाद हैं जो यहां के माटी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि वे लगातार तीन बार बसपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। बसपा अब दो भागों में बंट गयी है। आजाद समता पार्टी खड़ा कर बसपा को दो हिस्सों में साजिश के तहत विभाजित करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि बसपा के प्रभारियों के कारण ही एक भी पुराने लोग बसपा प्रत्याशी राजन मेहता के साथ नहीं है।

वहीं आजाद समता पार्टी के गढ़वा जिलाध्यक्ष रविन्द्र कुमार रवि ने झारखंड क्रांति मंच के केंद्रीय अध्यक्ष के समक्ष शामिल होते हुए कहा कि बसपा अपनी विचारधारा से बिल्कुल भटक गयी है। वहीं पार्टी के नेताओं की तानाशाही व मनमानी रवैया से तंग आकर उन्होंने पार्टी से त्यागपत्र दिया है। विस प्रत्याशी ब्रह्मदेव प्रसाद ने कहा कि अभी हाल में जो दुर्घटना हुई है उसे उनकी स्थिति किसी से छुपी हुई नहीं है। उनका दूसरा जन्म हुआ है।

उन्होंने कहा कि पहले जन्म में उन्होंने परिवार के लिए काम किया लेकिन अब जनता व जनार्दन की कृपा से मिले दूसरे जन्म में वे समाज व क्षेत्र के लोगों के लिए काम करने का संकल्प लिया है। इस परिस्थिति में जो लोग उन्हें साथ व समर्थन दे रहे है उनका अहसान वे जीवन भर नहीं भूलेंगे। अगर जनता का आशीर्वाद उन्हें मिला तो वे हक अधिकार दिला कर ही दम लेंगे। मौके पर वरिष्ठ पत्रकार गोकुल वसंत , मजदूर नेता विनोद कुमार, प्रशांत ठाकुर, गोरख चौधरी, नंदु चंद्रवंशी, गिरजा प्रसाद विश्वकर्मा, सिराजुद्दीन अंसारी सहित कई लोग उपस्थित थे।