भाजपाईयों ने स्वास्थ्य मंत्री का किया पुतला दहन
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली और चाईबासा में बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाये जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मुखर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो के नेतृत्व में गढ़वा के रंका मोड़ पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने झामुमो सरकार पर जनता को त्राहि-त्राहि करने के लिये मजबूर करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों चाईबासा में मरीज बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ा दिया गया। जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, तो मामले को दबाने के लिये उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े गये। इससे यह साबित होता है कि झामुमो सरकार में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पूरी तरह से स्वास्थ्य व्यवस्था संभालने में फेल हो चुके हैं। ऐसे निकम्मे स्वास्थ्य मंत्री को हेमंत सरकार तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करे।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री अपनी जिम्मेदारी नहीं समझते हैं और सिर्फ अनर्गल बातें बोलकर झूठी वाहवाही लूटने में लगे रहते हैं। जबकि गरीब जनता के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा कार्यकर्ता इस मामले पर चुप नहीं बैठेंगे और मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिये।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, विनय चौबे, मनीष गुप्ता, ब्रजेश उपाध्याय, संजय ठाकुर, उदय कुशवाहा, शुभम गुप्ता, अशोक केशरी, रितेश दुबे, कंचन पाण्डेय, विकास तिवारी, दिनेश कुशवाहा, अभिषेक कश्यप, संतोष ठाकुर सहित अन्य कई कार्यकर्ता मौजूद थे।