मेराल में शराब बंदी को लेकर चलाया गया अभियान

मेराल में शराब बंदी को लेकर चलाया गया अभियान

नशा से सिर्फ नाश होता है : मुखिया रामसागर

ढाई दर्जन घरों में मिला शराब व अर्ध निर्मित जावा महुआ, दी गई सख्त चेतावनी

बलराम शर्मा

मेराल: प्रखंड मुख्यालय के ग्राम पंचायत मेराल पूर्वी के मुखिया रामसागर महतो के नेतृत्व में पंचायत को नशा मुक्त बनाने को लेकर शराब बंदी सह जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में शामिल पंचायती राज्य एसोसिएट, पंचायती राज्य मंत्रालय के प्रियंका कुमारी, महिला समूह के लालो देवी, महिला चौकीदार कौशल्या देवी, वार्ड सदस्य उषा देवी, भोला राम, देव कुमार, विनोद चौधरी, अरविंद बैठा, दिनेश कुमार, देवव्रत मेहता सहित महिला समूह की कई महिलाएं पंचायत के विभिन्न वार्ड के कई घरों में सर्च अभियान चलाया।

इस दौरान ढाई दर्जन घरों में बना हुआ शराब तथा अर्ध निर्मित जावा महुआ और शराब बनाने तथा रखने का बर्तन मिला जिसे जप्त कर थाना को सुपुर्द किया गया। मुखिया रामसागर महतो ने बताया कि इसके पूर्व 24 अप्रैल को पंचायत के विभिन्न वार्डों में जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को शराब बनाने तथा बेचने वालों को सख्त हिदायत दिया गया था। इस अभियान में जिनके यहां शराब तथा शराब बनाने का सामग्री जप्त किया गया है उसकी सूची बनाकर थाना को सुपुर्द किया गया है।

इसके बाद भी अगर कोई शराब के धंधा में पकड़ा जाएगा तो उसे दंडित करते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुखिया ने क्षेत्र वासियों खासकर युवाओं को नशा से दूर रहने की अपील की। कहा कि नशा से सिर्फ नाश होता है। आज कल के युवा वर्ग शराब, गांजा जैसे नशीले पदार्थ का सेवन कर अपना घर परिवार को बर्बाद कर रहे हैं, नशा के कारण समाज में भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है।