भाजपा कार्यालय में तीसरी बार घोषित प्रत्याशी सांसद वीडी राम का अभिनंदन

भाजपा कार्यालय में तीसरी बार घोषित प्रत्याशी सांसद वीडी राम का अभिनंदन

कार्यकर्ता पार्टी की ताकत : सांसद

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : स्टेशन रोड स्थित भाजपा कार्यालय में गुरुवार को आयोजित सम्मान समारोह में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी सांसद सह पलामू लोकसभा से तीसरी बार घोषित प्रत्याशी विष्णु दयाल राम का अभिनंदन किया।

उस मौके पर श्री राम ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने उन्हें तीसरी बार पलामू लोकसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार बनाया है। जिसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शीर्ष नेतृत्व के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी उम्मीदवार की जगह सिर्फ कमल का निशान देखना है।

देश को विकसित बनाने के लिए फिर से भाजपा को भारी बहुमत से चुनाव जीताना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 400 का पार का जो टारगेट तय किया है उसे पूरा करने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

जिस तरह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज हर क्षेत्र में ताकतवर बना है उसे देखते हुए यह टारगेट असंभव नही है। उन्होंने कहा की भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। कार्यकर्ता पार्टी की ताकत हैं। पीएम द्वारा किये जाने वाले जनकल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का काम कार्यकर्ता करते हैं। 

इस दौरान जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने कार्यकर्ताओं से कहा कि लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर पिछले बार से भी अधिक मतों से चुनाव जीताना है।

कार्यक्रम को पूर्व जिलाध्यक्ष रघुराज पांडेय, इंद्रमणि जायसवाल, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष लक्ष्मण राम सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन विकास स्वदेशी ने किया।

उस मौके पर वरिष्ठ नेता शारदा महेश प्रताप देव, प्रियंका देवी, ईश्वरी पांडेय, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे, मुकेश चौबे, मनोज पहाड़िया, विभूति भूषण चौबे, अविनाश कुमार समेत कई लोग मौजूद थे। 

भाजपाइयों ने गर्मजोशी के साथ किया स्वागत

सांसद विष्णु दयाल राम के श्री बंशीधर नगर पहुंचने पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बाजे गाजे और ढोल नगाड़े बजाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने श्री बंशीधर नगर की सीमा पर पहुंचते ही उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया और जुलूस की शक्ल में शहर भ्रमण करते हुए चेंबर ऑफ कॉमर्स कार्यालय पहुंचे जहां चेंबर के संरक्षक राम प्रसाद, अध्यक्ष शंभू सौदागर, सचिव गोपाल जायसवाल समेत बड़ी संख्या में व्यवसायियों ने गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया।

अपने आराध्य श्री राधा वंशीधर जी की चौखट पर लगायी हाजिरी

सांसद विष्णु दयाल राम अपने आराध्य श्री राधा बंशीधर की चौखट पर हाजिरी लगायी। आचार्य श्रीकांत मिश्र के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने मंदिर में विधिवत दर्शन पूजन किया। मंदिर परिसर में प्रधान ट्रस्टी राजेश प्रताप देव ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया।

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण

सांसद ने श्री बंशीधर नगर में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। जानकारी के अनुसार उन्होंने डॉ भीम राव अंबेडकर, संत रविदास, डॉ राम मनोहर लोहिया एवं प्रख्यात समाजवादी नेता स्व गिरिवर पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।