प्रखंड सह अंचल कार्यालय में पदाधिकारियों व कर्मियों के नियमित नहीं आने से आम लोगों की बढ़ी परेशानी

आय, जाति, आवास प्रमाण पत्र के लिये छात्र कार्यालय का लगा रहे हैं दौड़ : प्रमुख
बंशीधर न्यूज
विश्रामपुर : विश्रामपुर प्रखंड व अंचल कार्यालय की स्थिति दयनीय हो गई है। पदाधिकारियों व कर्मियों के नियमित नहीं आने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। प्रमुख रंभा देवी ने कहा कि 26 सितंबर के बाद प्रखंड कार्यालय में कोई भी पदाधिकारी नहीं पहुंचे हैं। जिससे प्रखंड व अंचल के सभी तरह के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अधिकारियों के नहीं आने से प्रखंड व अंचलकर्मी भी कार्यालय नहीं आना मुनासिब नहीं समझते हैं।
जिससे लोगों का कोई भी कार्य नहीं हो पा रहा है। आय, जाति, आवास आदि नियमित कार्य भी नहीं हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी प्रतियोगी छात्र छात्राओं को हो रही है, जो नियमित प्रखंड कार्यालय का दौड़ लगा रहे हैं। प्रमुख ने अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों से बात करते हुये कहा कि यहां अधिकारी व कर्मियों की तानाशाही रवैया कायम है। कोई भी कार्यालय नहीं आ रहे हैं। सभी कार्यालय कक्ष बंद पड़े हैं।
भ्रमण के दौरान प्रखंड व अंचल कार्यालय में कोई अधिकारी व कर्मी नहीं मिले। उन्होंने बताया कि अबुआ आवास योजना में लूट मची है। कहीं भी योग्य लाभुकों को आवास नहीं दिया गया है। खुलेआम पैसों की वसूली की गई। आज भी योग्य लाभुक आवास के लिये भटक रहे हैं। प्रमुख ने यह भी बताया कि आवास कंप्यूटर ऑपरेटर प्रीती कुमारी से स्वीकृत आवास की सूची मांगने पर उपलब्ध नहीं कराती हैं।
उसके द्वारा कहा जाता है कि सूची सांझा नहीं कर सकते। ऐसा करने से रोका गया है। प्रमुख ने कहा कि प्रखंड के पदाधिकारी व कर्मीं इस कदर हावी हैं कि उनके कार्यालय से पंखा तक भी खुलवा दिया गया है। उमस व गर्मी के बीच प्रमुख कार्यालय में बैठकर कार्यों को संपादित कर रही हुं। उन्होंने कहा कि वे पूरे मामले को लेकर डीसी, डीडीसी व एसडीओ को अवगत कराया जायेगा। साथ ही स्वीकृत आवास योजना की जांच कराने की भी मांग की जायेगी।