आकांक्षी जिलों का आदर्श बना गढ़वा

आकांक्षी जिलों का आदर्श बना गढ़वा

संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह एवं आकांक्षा हाट का आयोजन

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : जिले ने देश के आकांक्षी जिलों की सूची में अपना नाम स्वर्णाक्षरों में दर्ज कर लिया है। नीति आयोग द्वारा संपूर्णता अभियान के तहत विकास के कई मानकों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, वित्तीय समावेशन, आधारभूत संरचना, आजीविका और कौशल विकास में उल्लेखनीय प्रगति के लिये जिले को सम्मानित किया गया है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर स्थानीय टाउन हॉल मैदान में संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह एवं आकांक्षा हाट का आयोजन किया गया।

इस समारोह का मुख्य उद्देश्य उन अधिकारियों, कर्मियों, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं को सम्मानित करना था, जिन्होंने अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य किया और जिले को देश के श्रेष्ठ आकांक्षी जिलों में स्थान दिलाया। कार्यक्रम के दौरान आकांक्षा हाट का भी उद्घाटन किया गया। हाट में स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्पियों, कृषि उत्पादकों और स्टार्टअप्स द्वारा उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया गया। यहां कृषि, सहकारिता, पशुपालन, मत्स्य, बैंकिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण एवं जेएसएलपीएस सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाये गये थे।

इन सभी स्टॉलों का निरीक्षण डीसी दिनेश कुमार यादव एवं डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा ने जिले के अन्य पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ किया। मौके पर डीसी दिनेश कुमार यादव ने कहा कि गढ़वा एक आकांक्षी जिला है और मझिआंव एक आकांक्षी प्रखंड। यह उपलब्धि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आमजनों की साझी सहभागिता का परिणाम है। हम सभी को मिलकर यह प्रयास जारी रखना होगा ताकि विकास की रफ्तार बनी रहे। डीडीसी ने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के समग्र विकास में लगे लोगों को सम्मानित करने का एक प्रयास है।

यह भविष्य में जिले के अन्य विकास कार्यक्रमों को दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा। नीति आयोग के पीपीआईए फेलो ऋषिकेश रंजन ने गढ़वा जिले की उपलब्धियों को सराहते हुये इसे देश के अन्य आकांक्षी जिलों के लिए एक अनुकरणीय मॉडल बताया। मौके पर नीति आयोग के प्रतिनिधि, सांसद, विधायक प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं आदि उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि गढ़वा जिले में 4 जुलाई 2024 से सितंबर 2024 तक नीति आयोग के निर्देश पर संपूर्णता अभियान चलाया गया था। इस दौरान विभिन्न प्राथमिक क्षेत्रों में लक्षित प्रयास किये गये। परिणामस्वरूप गढ़वा ने भारत सरकार एवं नीति आयोग द्वारा निर्धारित विकास सूचकांकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुये अग्रणी स्थान प्राप्त किया।