ठगा हुआ महसूस कर रही है जनता, कान पकड़कर माफी मांगे हेमंत : बाबूलाल मरांडी

ठगा हुआ महसूस कर रही है जनता, कान पकड़कर माफी मांगे हेमंत : बाबूलाल मरांडी

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि हेमंत सरकार में राज्य की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। अपने वादा खिलाफी के लिये हेमंत सोरेन को मोरहाबादी मैदान में कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिये। परिवर्तन यात्रा के दौरान गढ़वा आगमन पर श्री मरांडी ने रविवार को सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर उक्त बातें कही।

श्री मरांडी ने झामुमो पर परिवारवाद और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुये कहा कि हेमंत सोरेन के 2019 के चुनावी घोषणापत्र में किये गये वादे अब तक अधूरे हैं। जिससे राज्य की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि झामुमो के समर्पित नेता चंपई सोरेन और लोबिन जैसे लोग पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हो गये हैं। उन्हें झामुमो में अपना भविष्य अंधकारमय लग रहा था। मरांडी ने यह भी दावा किया कि झामुमो के कई विधायक भाजपा के संपर्क में हैं।

श्री मरांडी ने झारखंड सरकार द्वारा कदाचार रोकने के नाम पर इंटरनेट सेवाएं बंद करने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा की डिजिटल परिवर्तन यात्रा प्रभावित हो रही है और आम जनता को भी जरूरी सेवाओं में कठिनाई हो रही है। उन्होंने कहा कि जिस परीक्षा के नाम पर इंटरनेट बंद किया गया, उसमें भी गड़बड़ियों की संभावना है। झामुमो सरकार ने अपने वादों को पूरा नहीं की।

जिनमें महिलाओं को चूल्हा खर्च, युवाओं को नौकरी, पेंशन और ग्रीन कार्ड के जरिये अनाज देने जैसे वादे शामिल थे। उन्होंने कह कि सरकार की नीतियों के कारण बेरोजगार युवाओं की समस्याएं और बढ़ गई हैं। भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं से उनकी जानें भी जा रही हैं। मौके पर पूर्व विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, जिलाध्यक्ष ठाकुर महतो आदि लोग उपस्थित थे।