महापुरुषों एवं शहीदों का अपमान करना भाजपा की फितरत : झामुमो
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : झामुमो के जिलाध्यक्ष शंभु राम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर भाजपा पर शहीदों और महापुरुषों का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शहीद अब्दुल हमीद जैसे परमवीर चक्र विजेता की प्रतिमा का विरोध करना भाजपा की संकीर्ण मानसिकता और नफरत की राजनीति का ताजा उदाहरण है। शंभु राम ने कहा कि अब्दुल हमीद ने 1965 के भारत-पाक युद्ध में अपना सर्वोच्च बलिदान देकर देश को गौरवान्वित किया।
ऐसे वीर सपूत की प्रतिमा का विरोध करना राजनीतिक अवसरवादिता और घृणित सोच को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा के लिये शहीदों का सम्मान केवल भाषणों तक सीमित है ? शंभु राम ने कहा कि पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के द्वारा मझिआंव मोड़ पर शहीद अब्दुल हमीद की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यह प्रतिमा न केवल शहीद के बलिदान को सम्मान देती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा भी देती है।
उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाया कि भाजपा बार-बार महापुरुषों के योगदान को नकारने और इतिहास के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास करती है। चाहे वह गांधी-नेहरू पर सोशल मीडिया में टिप्पणियां हों या स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत पर विवाद भाजपा की रणनीति समाज में विभाजन और ध्रुवीकरण फैलाने की रही है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि शहीदों और महापुरुषों की प्रतिमाएं मात्र पत्थर की मूर्तियां नहीं होतीं, बल्कि वे समाज को मार्गदर्शन देने वाली जीवंत प्रेरणा होती हैं।
भाजपा को अगर शहीदों का सम्मान करना है, तो उसका प्रमाण अपने कृत्यों से दे, विरोध से नहीं। अटल चौक को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा फैलाये जा रहे विवाद पर शंभु राम ने तीखा सवाल दागा। भाजपा नेताओं ने आज तक अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगाने की पहल क्यों नहीं की ? यदि सच में सम्मान करते हैं तो हम स्वयं जिला प्रशासन से जगह दिलवाएंगे। परंतु देश के वीर सपूत की प्रतिमा को लेकर राजनीति करना शर्मनाक है।
झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शहीदों और महापुरुषों के सम्मान में बाधा डालने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की कि भाजपा के स्वयंभू और भ्रम फैलाने वाले नेताओं को चिन्हित कर कार्रवाई करें। मौके पर मदनी खान, नितेश सिंह, तनवीर खान, रौशन पाठक, संजय सिंह छोटू आदि उपस्थित थे।