धुरकी में उपायुक्त ने किया विद्यालयों का औचक निरीक्षण

बंशीधर न्यूज
धुरकी : डीसी दिनेश कुमार यादव ने बुधवार को प्रखंड के तीन विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता, मध्याह्न भोजन, छात्र उपस्थिति और स्वच्छता व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण की शुरुआत खाला स्थित पीएम श्री विद्यालय से हुई, जहां उन्होंने प्रभारी प्राचार्य से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। कक्षा में पहुंचकर डीसी ने विद्यार्थियों से सीधे सवाल-जवाब किये और शिक्षण स्तर की जांच की।
उन्होंने पाया कि पढ़ाई की गति संतोषजनक नहीं है। इस पर नाराजगी जताते हुये उन्होंने शिक्षकों को कड़ी चेतावनी दी और स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। शिथिलता पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय है। डीसी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। भोजन संतोषजनक पाया गया, लेकिन उन्होंने रोजाना निगरानी और समय पर भोजन वितरण का निर्देश दिया।
साथ ही कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे छात्रों तक पहुंचना चाहिये। निरीक्षण के दौरान गढ़वा डीएसई और धुरकी सीओ सह बीडीओ विमल कुमार सिंह भी उपस्थित थे। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक सुधार के निर्देश दिया। धुरकी मुख्यालय में जनता की समस्याएं सुनीं विद्यालय निरीक्षण के बाद डीसी धुरकी प्रखंड मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जनता की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किये।
उन्होंने कहा कि छोटी समस्याएं प्रखंड स्तर पर ही सुलझाई जाएं और बड़े या जटिल मामलों में जनता सीधे मेरे जनता दरबार में अपनी बात रख सकती है। डीसी ने कहा कि बच्चों का भविष्य हमारी जिम्मेदारी है। शिक्षा व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण और योजनाओं का क्रियान्वयन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिये। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी। मौके पर धुरकी प्रखंड के सभी कर्मी निरीक्षण और समीक्षा बैठक में मौजूद थे।