रमना में न्याय की जीत, तीन एकड़ भूमि विवाद का हुआ समाधान

रमना में न्याय की जीत, तीन एकड़ भूमि विवाद का हुआ समाधान

बंशीधर न्यूज

रमना : सिलीदाग पंचायत अंतर्गत गड़ई टोला में तीन एकड़ जमीन को लेकर पिछले 20 वर्षों से चला आ रहा विवाद शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया। श्री बंशीधर नगर सिविल जज जूनियर डिवीजन के न्यायालय द्वारा सुनाये गये फैसले के आलोक में रण देव सिंह (सुखाड़ी सिंह) वगैरह को जमीन का वैध कब्जा दिया गया।

 न्यायालय के आदेश के अनुसार सिविल कोर्ट के नाजीर रवि किशोर सिंह, प्रोसेस सर्वर महेन्द्र राम व श्याम बिहारी राम, रमना थाना के पुलिस पदाधिकारी तथा महिला व पुरुष पुलिस बल की उपस्थिति में दखल-दहानी की प्रक्रिया पूरी की गई। इससे पूर्व दोनों पक्षों को लिखित सूचना देकर तय तिथि और समय पर उपस्थित होने के लिये कहा गया था। दखल-दहानी से पहले मौके पर कागजात पढ़ कर सुनाया गया, साक्ष्य के रूप में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराया गया और ढोल-नगाड़ा बजाकर विधिपूर्वक भूमि पर कब्जा दिलाया गया।

जानकारी के अनुसार रण देव सिंह (सुखाड़ी सिंह) व अन्य बनाम सीताराम व अन्य के बीच यह विवाद वर्ष 2005 से चला आ रहा था। तीन एकड़ जमीन पर दोनों पक्ष अपना-अपना दावा कर रहे थे। विवाद न्यायालय में विचाराधीन था और कई वर्षों तक सुनवाई के बाद अंततः न्यायालय ने रण देव सिंह के पक्ष में फैसला सुनाया।

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिये पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रतिनियुक्त महिला और पुरुष आरक्षियों की तैनाती की गई थी। सभी संबंधित प्रशासनिक और न्यायिक कर्मियों की मौजूदगी में प्रक्रिया शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुई।