गढ़वा में दो डीलरों की अनुज्ञप्ति रद्द

गढ़वा में दो डीलरों की अनुज्ञप्ति रद्द

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : डीसी शेखर जमुआर ने जन वितरण प्रणाली में अनियमितता के मामलों को गंभीरता से लेते हुये मेराल एवं भंडरिया प्रखंड के दो डीलरों की अनुज्ञप्ति तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। यह कार्रवाई अनुज्ञप्ति शर्तों और झारखंड लक्षित जन वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश के उल्लंघन के आधार पर की गई है। ग्राम मेराल के जन वितरण प्रणाली डीलर संजय प्रसाद गुप्ता (अनुज्ञप्ति संख्याः 18/1996) के विरुद्ध शिकायतें मिलने पर अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा द्वारा उनकी दुकान का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान कई लाभुकों ने कम राशन मिलने की शिकायत की। एक लाभुक कुश कुमार द्वारा लिये गये राशन की तौल कराने पर पता चला कि 5 सदस्यों के लिये 35 किलो राशन मिलना चाहिये था, परन्तु बोरी सहित केवल 33 किलो ही पाया गया। अन्य लाभुकों ने भी डीलर पर समान आरोप लगाये। जांच के दौरान स्वयं डीलर ने भी यह स्वीकार किया कि वे कम मात्रा में राशन देते हैं। ग्राम बघवार के डीलर बोधन सिंह (अनुज्ञप्ति संख्याः 10/2004) के मामले में अनुमंडल पदाधिकारी रंका द्वारा निरीक्षण के दौरान दुकान बंद पाई गई।

पूर्व सूचना के बावजूद डीलर ने दुकान नहीं खोली और मोबाईल फोन भी बंद कर लिया। निरीक्षण के समय दुकान पर सूचना पट, लाभुकों की सूची, विज्ञप्ति संख्या आदि प्रदर्शित नहीं थी। लाभुकों से पूछताछ में राशन वितरण में घोर अनियमितता, देरी, मनमानी व मनचाही तिथि को वितरण करने की शिकायतें सामने आईं। फरवरी 2025 का राशन मिलने के बावजूद वितरण नहीं किया गया था।

डीसी श्री जमुआर ने कहा कि जन वितरण प्रणाली के डीलरों को समय पर राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, अतः यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे लाभुकों को निर्धारित मात्रा में समय पर राशन वितरित करें। अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी और भविष्य में भी ऐसी किसी भी शिकायत पर तत्काल अनुज्ञप्ति रद्द कर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।