विधायक भानू ने 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुलिया का किया शिलान्यास

बंशीधर न्यूज
डंडई : विधायक भानू प्रताप शाही ने गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र के लवाही गांव में 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। उस मौके पर विधायक श्री शाही ने कहा कि लवाही गांव के धोबी टोला में बघौता के पास मंगरदाहा नदी पर पुलिया निर्माण हो जाने से यहां के लोगों को काफी सुविधा होगी।
पुलिया का निर्माण नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को खेत खलिहान, स्कूल कॉलेज आने जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। लंबे समय से यहां के ग्रामीणों की यह मांग थी कि उक्त नदी पर पुलिया का निर्माण हो। आज उनकी मांगों को पूरा करने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि मेरे प्रयास से लोगों की एक-एक मांगो को पूरा करने का काम किया जा रहा है।
इस दौरान भाजपा नेता भगत दयानंद यादव, जिप सदस्य मोहन पासवान, प्रमुख प्रतिनिधि घूरबीगण बैठा, मुखिया बच्चा लाल गुप्ता, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि दिलीप पटवा, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्षा अनीता गुप्ता आदि ने विधायक द्वारा किये गये कार्यों को गिनाया। कहा कि विधायक जब भी डंडई प्रखंड में आते हैं यहां के लोगों को कुछ ना कुछ सौगात लेकर जरूर आते हैं।
उनके अथक प्रयास से गांव गांव तक बिजली पहुंचाया गया। वहीं सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। मौके पर प्रमुख कान्ति देवी, विधायक प्रतिनिधि दिनेश राम, भाजपा मंडल महामंत्री मिथिलेश प्रसाद, मंडल उपाध्यक्ष अशोक प्रसाद, एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष दिलबर कुमार रवि, कमलेश यादव आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।