पलामू डीआईजी का गढ़वा दौरा, महिला सुरक्षा और जनता दरबार पर रहा फोकस

पलामू डीआईजी का गढ़वा दौरा, महिला सुरक्षा और जनता दरबार पर रहा फोकस

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : पलामू पुलिस उप महानिरीक्षक नौशाद आलम अंसारी ने गुरुवार को गढ़वा समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उनके आगमन पर गढ़वा एसपी अमन कुमार ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान पुलिस केंद्र के 12 जवान और 2 हवलदारों ने सलामी दी। इसके बाद सभागार कक्ष में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। जिसमें विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों पर अंकुश, महिला सुरक्षा, जनता दरबार की व्यवस्था, थाना स्तर पर जनता से संवाद, जमीन विवादों के निष्पादन और पुलिसिंग में सुधार जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।

डीआईजी ने निर्देश दिया कि थाना में आम नागरिकों के लिये विशेष व्यवस्था हो, महिलाओं की समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाय और जनता दरबार में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन हो। उन्होंने कहा कि अगर किसी शिकायतकर्ता को जनता दरबार से संतुष्टि नहीं मिलती है, तो उस केस की जांच पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी करें।

साथ ही पुलिसकर्मियों को जनता के साथ अच्छा व्यवहार रखने और पुलिस की गरिमा बनाये रखने के लिये विवेकपूर्ण तरीके से काम करने की हिदायत दी गई। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय का भी दौरा किया। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और कार्यालय कार्यों को और बेहतर करने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।