श्री सर्वेश्वरी समूह की ओर से कुंबा में ग्रामीणों व स्कूली बच्चों के बीच पौधा वितरित

स्वस्थ जीवन का आधार है स्वच्छ पर्यावरण : हेमंत प्रताप देव
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा नगर ऊंटारी के नेतृत्व में प्रखंड के कुंबा गांव में ग्रामीणों एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुंबा के बच्चों के बीच 111 पौधों का वितरण किया गया। उक्त अवसर पर समूह के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागृत करते हुये पौधे से होने वाले फायदे को बताया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुये शाखा के उपाध्यक्ष हेमंत प्रताप देव ने बतलाया कि श्री सर्वेश्वरी समूह अपने 19 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत मानव मात्र की सेवा के अंतर्गत जनकल्याणकारी कार्यों को करते आया है। इसी के अंतर्गत कुंबा गांव के ग्रामीण एवं विद्यालय के बच्चों के बीच 111 से अधिक पौधों का वितरण किया गया। साथ ही लोगों के बीच स्वच्छ पर्यावरण के महत्व को बतलाया गया।
श्री देव ने कहा कि स्वस्थ जीवन की कुंजी स्वच्छ पर्यावरण है। अतः हम सबको मिलकर एक-एक पौधे को लगाना और उसे बचाने का संकल्प लेना चाहिये। उन्होंने बताया कि तेजी से कटती जंगल के कारण हम लोगों को कई प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसका ताजा उदाहरण उत्तराखंड का है। उन्होंने कहा कि मनुष्य अपने निजी क्षणिक फायदा को देखते हुये जंगल को काटने लगे और जंगल में रहने वाले जंतु, (प्राणी) शहर की ओर आने लगे।
लोगों को प्रत्यक्ष नुकसान एवं फायदा दिखता है लेकिन अप्रत्यक्ष नुकसान उन्हें नहीं दिखता है। उन्होंने कहा कि हम सबको संकल्पित होकर वृक्ष को लगाना चाहिये और उसे बचाने का संकल्प लेना चाहिये। श्री देव ने बताया कि श्री सर्वेश्वरी समूह समय-समय पर जनकल्याणकारियों को करते आया है।
सामाजिक कुरीतियों को मिटाना, मानव मात्र की सेवा, राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करना हमारा प्रथम कर्तव्यों में शामिल है। मौके पर मनोज प्रताप देव, आनंद जायसवाल, संजीव कुमार सिन्हा, दुर्गेश सिन्हा, नागेंद्र राम, राजेंद्र यादव, श्रीकांत सिन्हा, नवनीत कुमार, गोल्डन कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक, ग्रामीण एवं बच्चे उपस्थित थे।