आप अपने वोट की ताकत दिखाईये, मैं आपको ताकतवर गढ़वा दूंगा : गिरिनाथ

आप अपने वोट की ताकत दिखाईये, मैं आपको ताकतवर गढ़वा दूंगा : गिरिनाथ

तीर धनुष और कमल को मात देने पूर्व मंत्री गिरिनाथ ने किया नामांकन

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से चार बार चुनाव जीतकर 17 वर्षों तक विधायक रहे पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह एक बार फिर चुनावी रणभूमि में ताल ठोंकने उतर गये हैं। उन्होंने 2024 के चुनाव में समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया एवं अपना नामांकन दाखिल किया। लगातार 17 वर्षों तक विधायक बनने के बाद 2009 में उन्हें परिवर्तन की ब्यार की शिकार होना पड़ा था। 2014 के चुनाव में भी वह अपनी वापसी नहीं कर पाये। तब उन्होंने अपनी पार्टी राजद को त्याग दिया था। तब से वह दल बदलते रहे। लेकिन कहीं से उन्हें टिकट मिलने की पूर्ण गारंटी नहीं मिली।

इस कारण 2019 का चुनाव उन्होंने लड़ा ही नहीं। 2024 के चुनाव के पूर्व उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने की मंशा लेकर भाजपा को छोड़ दिया एवं राजद में शामिल हो गये। चतरा लोकसभा सीट से उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया गया तो कांग्रेस के उम्मीदवारी के लिये चक्कर काटने लगे, लेकिन वहां भी उनकी किसी ने नहीं सुनी। तीन-तीन प्रमुख दलों से मात खाने के बाद बतौर निर्दलीय गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से किस्मत आजमाने का बड़ा निर्णय लिया। उन्होंने गढ़वा विधानसभा के प्रायः सभी गांवों, टोलों का भ्रमण किया एवं अपने पक्ष में बहुमत का माहौल तैयार किया।

नामांकन के दो दिन पूर्व उन्होंने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली एवं उसके सिंबल पर अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के पूर्व गिरिनाथ सिंह के नेतृत्व में गढ़वा जिला मुख्यालय में विशाल रैली निकाली गई। रैली में शामिल अपार जनसमूह की नारों से शहर गूंज उठा। भीड़ को देखकर यह कयास लगाना कठिन नहीं हुआ कि गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से कोई एक नहीं बल्कि तीन-तीन शक्तिशाली प्रत्याशी है जिसमें गिरिनाथ सिंह भी शामिल हैं। रैली शहर के रामासाहू मैदान से निकाली गई थी।

रैली शहर के विभिन्न मार्गां से होते हुये गोंविंद हाईस्कूल मैदान में पहुंची, जहां सभा की गई। सभा को संबोधित करते हुये गिरिनाथ सिंह ने वर्तमान मंत्री मिथिलेश ठाकुर एवं पूर्व विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के कार्यकाल में जनता के साथ हुये धोखे, भ्रष्टाचार, उपेक्षा, गुंडागर्दी, सरकारी संसाधनों की लूट पर जमकर बरसे। उन्होंने आमजनों से अपील करते हुये अपने कार्यकाल एवं उन दोनों के कार्यकालों की स्वयं से तुलना कर वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोनों में एक सांपनाथ है तो दूसरा नागनाथ है। दोनों का काम एक ही है जनता को डंसना।

यदि आप उनसे निजात पाना चाहते हैं। अपने साथ गढ़वा का मान, सम्मान, प्रतिष्ठा चाहते हैं तो दोनों को करारा जवाब दीजिए। दोनां केवल अपने मतलब के लिए आप सबां को बेवकूफ बनाकर वोट लेना चाहते हैं। उन्हांने मंत्री के ठिकानां पर इडी की छापामारी का जिक्र करते हुए कहा कि सब दूध का दूध पानी का पानी हो गया। अब इसमें जनता को कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि बतौर मंत्री मिथिलेष ठाकुर ने कितना बड़ा घोटाला किया है। पूर्व विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी भी घोटाला का आरोपी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बार परिवर्तन की जरूरत है और यह आप ही कर सकते हैं। आप अपने वोट की ताकत दिखाईये, मैं आपको ताकतवर गढ़वा दूंगा।

इस मौके पर सपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, झारखंड प्रदेश प्रभारी व्यास गौड़ ने भी अपने उद्बोधन में विपक्षियों पर करारा प्रहार किया। कहा कि सपा ही एक ऐसी पार्टी है जो भाजपा को आगे बढ़ने से रोक सकती है। झारखंड के गढ़वा में सपा का जलवा इस चुनाव में दिख जायेगा। उस मौके पर जमीरूद्दीन अंसारी, सत्यनारायण यादव, अमित सिंह, रंजन चौबे सहित कई लोग शामिल थे।