मदगड़ी में दुर्गा पूजा विसर्जन को ले तनाव, पुलिस-ग्रामीण विवाद के बाद पथराव, डीएसपी घायल, लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले भी दागे गये

मदगड़ी में दुर्गा पूजा विसर्जन को ले तनाव, पुलिस-ग्रामीण विवाद के बाद पथराव, डीएसपी घायल, लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले भी दागे गये

बंशीधर न्यूज

भंडरिया : गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र के मदगड़ी गांव में दुर्गा पूजा विसर्जन को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। रविवार दोपहर करीब 3ः00 बजे पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिये लाठीचार्ज करना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान भारी पथराव हुआ, जिसमें रंका डीएसपी रोहित रंजन सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी और वे घायल हो गये।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिये पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ आंसु गैस छोड़ने की भी सुचना है। जिससे ग्रामीण भी घायल हो गये हैं। ग्रामीणों ने फिलहाल पुलिस के कई वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। घटनास्थल पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। गढ़वा एसपी दीपक कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। खबर लिखे जाने तक भारी संख्या में ग्रामीण दुर्गा पूजा पंडाल में जमे हुये हैं। जो विवादित मार्ग से प्रतिमा विसर्जन की अनुमति का इंतजार कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रशासन उन्हें बृजेश्वर साहू के घर से होते हुये तालाब तक जाने की अनुमति नहीं देता, तब तक वे प्रतिमा का विसर्जन नहीं करेंगे। आखिर क्यों हुआ विवाद दरअसल भंडरिया थाना क्षेत्र के मदगड़ी गांव में पिछले कुछ वर्षों से दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन को लेकर रास्ते का विवाद चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे जिस तालाब में प्रतिमा का विसर्जन करना चाहते हैं। उस तक जाने वाला रास्ता बृजेश्वर साहू के घर से होकर जाता है।

हालांकि इस मार्ग में तीन मकान दूसरे समुदाय के लोगों के हैं, जो प्रतिमा विसर्जन के लिये रास्ता देने से इनकार करते हैं। इस विवाद को सुलझाने के लिये इस वर्ष शांति समिति की बैठक में एक समझौता हुआ था लेकिन कुछ दिन बाद एक पक्ष ने इस समझौते को मानने से इनकार कर दिया, जिसके कारण दुर्गा पूजा के दौरान ही तनावपूर्ण माहौल बन गया। कल जब प्रतिमा विसर्जन की बात सामने आई, तो ग्रामीण विवादित स्थल से ही प्रतिमा विसर्जन की मांग करने लगे लेकिन प्रशासन ने इस मार्ग से विसर्जन की अनुमति नहीं दी।

इससे नाराज ग्रामीणों ने प्रतिमा विसर्जन से इनकार कर दिया और आज बड़ी संख्या में ग्रामीण आसपास के इलाके से जुट गये। इसी दौरान एसडीपीओ जब दोपहर 3ः45 बजे पूजा पंडाल पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उग्र भीड़ ने पथराव भी किया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और फायरिंग भी की, जिससे एक ग्रामीण घायल हो गया। एसपी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, और मामले की पूरी जानकारी जल्द दी जायेगी।