कोयल नदी से बरामद महिला के शव का उद्भेदन, महिला सहित चार गिरफ्तार

बंशीधर न्यूज
गढ़वा : गढ़वा पुलिस ने थाना क्षेत्र के बेलचंपा कोयल नदी से बरामद महिला के शव के मामले का उद्भेदन कर लिया है। उक्त मामले में गढ़वा पुलिस ने छत्तीसगढ के बलरामपुर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर से घटना में शामिल एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में बलरामपुर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर निवासी रमेश मंडल, लतिका मंडल, संतोषी नगर निवासी शांति मंडल व पीरुडीह गांव निवासी वीरा लकड़ा के नाम शामिल हैं।
इसकी जानकारी एसडीपीओ नीरज कुमार ने गढ़वा थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। एसडीपीओ ने बताया कि गत 30 सितम्बर को बेलचंपा कोयल नदी पुल के पाया संख्या 11 से एक महिला का शव बरामद किया गया था। जिसकी पहचान बलरामपुर थाना क्षेत्र के गुरूचंद मंडल की पत्नी रीना गिरी के रूप में की गई थी। जिसकी प्राथमिकी रीना के भाई बदला गिरी ने गढ़वा थाना में दर्ज कराया था।
प्राथमिकी के आधार पर पुलिस छानबीन शुरू की। पुलिस की जांच पड़ताल के दौरान मामला सामने आया कि रीना गिरी का ससुराल में विवाद होते रहता था। जिसे लेकर उसके ससुराल वाले रीना को रास्ते से हटना चाहते थे। जिसके बाद उसके ससुराल वालों ने रमेश मंडल के साथ प्लान बनाकर हत्या की योजना बनाई। 29 सितंबर को रीना गिरी का अपहरण कर उसके शव को फेंकने के लिये गढ़वा लाया गया।
जहां वीरा लकड़ा व रमेश मंडल अपने चार पहिया वाहन से गढ़वा पहुंचे। जहां सबसे पहले उसका गला दबाया। उसके बाद हत्या कर उसे कोयल नदी पुल से नीचे फेंक दिया। एसडीपीओ ने बताया कि इस घटना में शामिल उसके पति को घटना के दो दिन बाद ही बलरामपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। जहां बलरामपुर थाना में ही उसका पति खुदखुशी कर लिया था।
उन्होंने बताया कि इस घटना में चार लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराया गया था। पुलिस ने तीन नामजद सहित घटना में शामिल चार को गिरफ्तार किया है। सभी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश यादव, प्रदीप यादव, आरक्षी राहुल कुमार, धर्मेद्र कुमार, सहायक पुलिस प्रियंका मिंज आदि उपस्थित थे।