मां शायर देवी धाम के पांचवा वार्षिक महोत्सव का धूमधाम से हुआ समापन

पूर्व मंत्री मिथिलेश ने देवी जागरण कार्यक्रम का किया उद्घाटन
लिटिल स्टार आर्यन बाबू एवं खुशबू शर्मा ने दर्शकों को रात भर खूब झुमाया
बलराम शर्मा
मेराल: प्रखंड मुख्यालय के प्रसिद्ध मां शायर देवी धाम के पांचवा वार्षिक महोत्सव का समापन धूमधाम से हुआ। महोत्सव के दसवां दिन सोमवार की रात्रि में भव्य देवी जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने लिटिल स्टार आर्यन बाबू के साथ फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालु दर्शकों को विजया दशमी की शुभकामना देते हुए कहा प्रभु की कृपा सभी पर बनी रहे उन्होंने सभी का जीवन सुखमय होने की कामना की। कहा मयार्दा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव को हम सभी रामनवमी के रूप में मनाते हैं। प्रभु श्री राम अपने कर्मों और आदर्शों से जाने जाते हैं, उनके द्वारा बताए गए आदर्श को सभी को आत्मसात करना चाहिए।
उनके द्वारा बताए गए उच-नीच जात-पात का भेद मिटाना होगा तभी मां दुर्गा, भगवान राम प्रसन्न होंगे और हम सभी के जीवन में खुशहाली आएगी और ऐसा धार्मिक आयोजन सार्थक होगा। मंत्री श्री ठाकुर ने जोर देकर कहा की मुट्ठी भर लोग अपने स्वार्थ में हमें बांटने का काम करते हैं वैसे लोगों से सावधान रहना होगा तभी हमारे जीवन में खुशहाली आएगी, बिजली-पानी मिलेगा, अच्छी सड़क होगी, बच्चों के लिए अच्छे स्कूल होंगे। अन्यथा भावना में बहकर आप लोग गलत कर बैठेंगे।
उन्होंने विधानसभा चुनाव में अपनी हार पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आप लोगों ने तो मुझे मजा चखा दिया, आप सभी मधुर भक्ति संगीत का मजा लेने आए हैं खूब मजा लीजिए। हम तो हार कर भी आनंदित हैं। इससे पहले सभी अतिथियों तथा देवी जागरण के लिए आए भोजपुरी सिनेमा के उभरते कलाकार आर्यन बाबू एवं खुशबू शर्मा को फूल माला तथा पूर्व मंत्री मिथिलेश को फूल माला, अंग वस्त्र तथा तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री द्वारा देवी धाम संचालन समिति को 61 हजार रुपए सहयोग के रूप में दिया गया। उद्घाटन के अवसर पर प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ अनिल साह, प्रखंड प्रमुख दीप माला कुमारी, मुखिया रामसागर महतो, थाना प्रभारी विष्णु कांत, प्रेमचंद प्रसाद, विजय प्रसाद गुप्ता, मुन्ना राम, महिला नेत्री रेखा चौबे, आराधना सिंह, रेखा पाठक, झामुमो जिलाध्यक्ष शंभू राम, प्रखंड अध्यक्ष सूर्य प्रकाश, अतहर अली, कृष्ण प्रसाद कुशवाहा, मनोज जायसवाल सहित देवी धाम संचालन समिति के सभी पदाधिकारी सदस्य के साथ हजारों की संख्या में दर्शन मौजूद थे।