पलामू में अपराधियों का मनोबल चरम पर, पुलिस-प्रशासन मौन : केएन त्रिपाठी

पलामू में अपराधियों का मनोबल चरम पर, पुलिस-प्रशासन मौन : केएन त्रिपाठी

बंशीधर न्यूज

मेदिनीनगर : पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने कहा कि पलामू जिले में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। हत्या, लूट, चोरी, दुष्कर्म जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। पुलिस-प्रशासन अपराध रोकने के बजाय भ्रष्टाचार और अवैध वसूली में लिप्त है। त्रिपाठी ने चेतावनी दी कि यदि 28 अक्टूबर तक अपराध व भ्रष्टाचार पर नियंत्रण नहीं हुआ, तो छठ पूजा के बाद पलामू बंद और व्यापक जनआंदोलन की शुरुआत की जायेगी।

वे सोमवार को मेदिनीनगर स्थित परिषद भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अपराध की बढ़ती घटनाओं से हेमंत सोरेन सरकार की साख पर भी प्रश्नचिह्न लग गया है। उन्होंने कहा कि जब जनसेवकों और राजनीतिक पदाधिकारियों के परिजनों की हत्या सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में हो रही है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

19 अक्टूबर को चैनपुर प्रखंड में कांग्रेस नेता के पुत्र हसन अली की हत्या की घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया। अपराधियों ने दिनदहाड़े सैकड़ों लोगों के सामने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की, फिर गोली मार दी। पांकी में झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिंह की भी कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। पाटन प्रखंड के लोइगा गांव में एक युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या, हनुमान नगर में एक महिला की हत्या तथा छतरपुर में एक पारा शिक्षक को गोली मारने जैसी घटनाएं पुलिस व्यवस्था की विफलता को उजागर करती हैं।

त्रिपाठी ने कहा कि अपराधियों के हौसले इसलिये बुलंद हैं क्योंकि उन्हें पुलिस और माफिया गिरोहों का संरक्षण प्राप्त है। जिले की पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय अवैध बालू, पत्थर और कोयला कारोबार से मोटी रकम वसूलने में लगी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूर्व में सीएम से इस विषय पर मौखिक चर्चा की थी, किंतु अब वे लिखित रूप से पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर छठ पूजा तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे पलामू को बंद कर जनांदोलन की राह पर उतरेंगे।

मौके पर शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने कहा कि नित्य प्रतिदिन बढ़ती हत्याएं इस बात का प्रमाण हैं कि अपराधियों और पुलिस के बीच मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि त्रिपाठी के आरोप तथ्यपरक हैं और उनके आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों का समर्थन मिलेगा। मौके पर रामाशीष पांडेय, ओमप्रकाश अमन, जावेद खान, जीशान खान, मुन्ना खान, परमदेव सिंह, मुकेश सिंह, नसीम अहमद खान बबलू दूबे, रंजन दूबे सहित कई लोग उपस्थित थे।