आठ सूत्री मांगो को लेकर मजदूरों का धरना प्रदर्शन सातवें दिन भी जारी

आठ सूत्री मांगो को लेकर मजदूरों का धरना प्रदर्शन सातवें दिन भी जारी

बंशीधर न्यूज

भवनाथपुर : एशिया का सबसे बड़ा क्रशिंग प्लांट की नीलामी के बाद हो रही प्लांट की स्क्रैप कटिंग के विरोध में विस्थापित संघर्ष समिति के नेतृत्व आठ सूत्री मांगो को लेकर मजदूरों का धरना प्रदर्शन सेल के प्रशासनिक भवन के समक्ष सातवें दिन भी जारी रहा। धरना प्रदर्शन के सातवें दिन धरनास्थल पर पहुंचे कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष ओबेदुल्लाह हक अंसारी ने मजदूरों को अपना समर्थन दिया।

धरना स्थल पर मजदूरों को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि पार्टी उनकी मांगों को गंभीरता से लगी और इसे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उठायेगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राहुल गांधी तक पहुंचाएंगे ताकि इस मुद्दे का समाधान शीघ्र हो सके। कांग्रेस द्वारा यहां पर एशिया का सबसे बड़ा क्रेशर प्लांट स्थापित किया गया था, इसे किसी भी कीमत पर यहां से नहीं हटाया जायेगा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने धरने में शामिल लोगों को आश्वस्त किया कि पार्टी उनके संघर्ष में पूरी तरह से उनके साथ देगी और सभी वाजिब मांगों को पूरा करने के लिये सभी संभावित कदम उठाये जाएंगे। मौके पर इंटक यूनियन के सुशील चौबे, कांग्रेस जिला महासचिव ओमप्रकाश चौबे, देवचंद यादव, महेंद्र पाल, संजय सिंह, श्याम सुंदर मेहता, रामनाथ राम, राम करेश चौबे, उमेश त्रिपाठी, सुनील राम, विस्थापित संघर्ष मोर्चा के बीरेंद्र साह, रामविजय साह, दीपक जायसवाल, शंभू राम सहित काफी संख्या में मजदूर मौजूद थे।