समय पर इलाज से टल सकती है बड़ी बीमारी

बंशीधर न्यूज
गढ़वा : जायंट्स ग्रुप और नारायणा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल गुड़गांव के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रुप अध्यक्ष राकेश केशरी ने की। शिविर में गढ़वा जिले सहित डाल्टनगंज, रामानुजगंज और विश्रामपुर के लगभग 20 मरीजों की जांच की गई। वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ विकास केशरी ने बताया कि क्षेत्र में लोगों में हृदय रोग को लेकर जागरूकता की कमी है।
कई मरीज सालों तक लक्षणों को नजरअंदाज करते हैं और घरेलू उपायों पर निर्भर रहते हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो जाती है। उन्होंने बताया कि हृदय से संबंधित बीमारियों का समय पर इलाज जरूरी है, क्योंकि यह पूरे शरीर को प्रभावित कर सकता है। डॉ केशरी ने कहा कि वह और अस्पताल प्रशासन 20 वर्ष तक की उम्र के जरूरतमंद मरीजों को ओपन हार्ट सर्जरी के लिये अन्य संस्थाओं से आर्थिक सहायता दिलाने के लिये प्रतिबद्ध हैं।
अन्य मरीजों के लिये भी न्यूनतम शुल्क पर सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। शिविर में जायंट्स ग्रुप के सदस्य भी मौजूद रहे और लोगों से समय पर इलाज कराने और जागरूक रहने की अपील की। मौके पर फेडरेशन के पूर्व स्पेशल कमेटी सदस्य विजय केशरी, जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन फेडरेशन 8 के पूर्व अध्यक्ष विनोद कमलापुरी, मदन प्रसाद केशरी, मनोज केशरी, वित्त निदेशक अशोक केशरी आदि उपस्थित थे।