छात्रों की प्रस्तुति ने मोहा मन, डीएफओ ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बंशीधर न्यूज
गढ़वा : बीपी डीएवी पब्लिक स्कूल फरठिया में मंगलवार को विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में पौधरोपण, चित्रकला प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गढ़वा (दक्षिणी) के जिला वन पदाधिकारी एबिन बेनी अब्राहम थे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें मुख्य अतिथि विद्यालय के प्राचार्य आशीष कुमार मंडल और शिक्षकगण उपस्थित थे।
छात्रों ने स्वागत गीत मन की वीणा से गुंजित ध्वनि मङ्गलं, स्वागतं स्वागतं स्वागतं प्रस्तुत किया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद, छात्रों ने पृथ्वी संरक्षण और पर्यावरण के महत्व पर आधारित एक नाटक प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके अतिरिक्त, छात्रों ने नृत्य प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे कार्यक्रम में चार चांद लग गये। मौके पर मुख्य अतिथि एबिन बेनी अब्राहम ने कहा कि पृथ्वी हमारी मां है और हमें इसकी सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी लेनी चाहिये।
उन्होंने ऊर्जा की बचत, जल संचयन और पौधरोपण जैसे छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से पृथ्वी के भविष्य को सुरक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विद्यालय द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम की सराहना की और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के लिये आगे आने का आह्वान किया। प्राचार्य आशीष कुमार मंडल ने मुख्य अतिथि को शॉल और पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने भाग लिया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों में आर्या भारती, सृष्टि रानी, राखी कुमारी, कनक कृपाली और किशन कुमार कश्यप, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों में आराध्या आनंद, करिश्मा कुमारी, अंजना वर्मा, श्रेया कुमारी और आराध्या कुमारी, जबकि तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों में अर्णव सोनी, सान्वी सोनी, वैष्णवी मिश्रा और अश्विनी कुमारी का नाम शामिल है। मुख्य अतिथि और प्राचार्य ने विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। मौके पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।