गढ़वा के विकास की चर्चा सिर्फ झारखंड में ही नहीं पड़ोसी राज्यों में भी होती है : मिथिलेश ठाकुर

गढ़वा के विकास की चर्चा सिर्फ झारखंड में ही नहीं पड़ोसी राज्यों में भी होती है : मिथिलेश ठाकुर

गढ़वा में जल्द बनेगा रिवर फ्रंट, मंत्री ने किया पार्क का निरीक्षण

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : गढ़वा में आगामी तीन मार्च को प्रदेश के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के आगमन एवं पांच बड़ी योजनाओं के उद्घाटन की तैयारी काफी जोर शोर से चल रही है। रविवार को गढ़वा विधायक सह झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता सह उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने नवनिर्मित बिरसा मुंडा हेलीपैड पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने पार्क में घूम कर पार्क की स्थिति एवं कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान बिरसा मुंडा हेलीपैड पार्क सहित समाहरणालय भवन, बस स्टैंड, फुटबॉल स्टेडियम तथा टाउन हॉल का उद्घाटन किया जाना है। मौके पर मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि झारखंड में जन सरोकार की सरकार है। यहां प्रत्येक क्षेत्र में विकास करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। झारखंड पूरे देश, पूरी दुनिया की मानचित्र पर विकसित राज्य के रूप में शुमार हो, यही सोच के साथ चंपाई सोरेन के नेतृत्व में काम हो रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में भी बहुत कम हुआ है। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि हेमंत सोरेन की यह सोच थी कि गढ़वा को बेहतर सौगात दें। जो पूरी तरह से ऐतिहासिक हो। उनकी सोच का परिणाम आज गढ़वा में दिखाई पड़ रहा है। मंत्री ने कहा कि बहुत जल्द गढ़वा को रिवर फ्रंट भी मिलेगा। श्री ठाकुर ने कहा कि सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि या आम जनता सभी वर्ग के लोगों को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभानी चाहिये।

मंत्री ने कहा कि आज जो गढ़वा का विकास दिख रहा है इसके लिए उन्होंने कोई तीर नहीं मारा है, बल्कि निष्ठा पूर्वक अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह किया है। उसी का परिणाम है कि आजादी के बाद गढ़वा को पिछड़ा जिला का जो तगमा मिला था वो अब दूर हो गया है। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि गढ़वा के विकास की चर्चा झारखंड के कोने कोने में ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों में भी होती है। मौके पर डीसी शेखर जमुआर, संवेदक अनिल सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।