फ्लाईओवर निर्माण में तेजी लाएं, जुलाई 2024 तक निर्माण हर हाल में पूरा करें : चम्पाई सोरेन

फ्लाईओवर निर्माण में तेजी लाएं, जुलाई 2024 तक निर्माण हर हाल में पूरा करें : चम्पाई सोरेन

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कांटाटोली एवं सिरमटोली फ्लाईओवर की कार्य प्रगति का किया निरीक्षण

बंशीधर न्यूज

रांची: मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने बुधवार को राजधानी रांची में बन रहे निर्माणाधीन कांटाटोली एवं सिरमटोली फ्लाईओवर की कार्य प्रगति का औचक निरीक्षण किया। मौके पर मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग एवं जुडको के अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर का कार्य हर हाल में निर्धारित समय में पूरा करने के लिए निर्माण कार्य में तेजी लाएं। मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर फ्लाईओवर निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं का निस्तारण जल्द करने को कहा। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर की सुविधा आमजनों के लिए है।

इसलिए जरूरी है कि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य दिन-रात तेज गति से किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जरूरत पड़े तो मानव बल बढ़ाएं। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि फ्लाईओवर निर्माण जुलाई 2024 तक हर हाल में पूरा कर लें। आम जनता जुलाई 2024 से फ्लाईओवर का उपयोग कर सके, यह उनकी सरकार की प्राथमिकता है।

फ्लाईओवर निर्माण पूरा होने तक ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखें

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त बनी रहे। उन्होंने कहा कि कोई भी नया निर्माण दीर्घकालिक दृष्टि के साथ होना चाहिए। निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

लम्बे अरसे तक राज्य की जनता इस फ्लाईओवर का उपयोग कर सके, इस निमित्त निर्माण से संबंधित सभी मापदंडों पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण कार्य किए जाएं। इस मौके पर पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अरवा राजकमल, उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।