विधायक की अनुशंसा पर शिक्षा विभाग सक्रिय, डंडई के दो विद्यालय होंगे उच्च वि.में उत्क्रमित

जितेंद्र यादव
डंडई: प्रखंड मुख्यालय के राजकीयकृत मध्य विद्यालय डंडई व राजकीय मध्य विद्यालय रारो को उच्च विद्यालय में उत्क्रमण करने की दिशा मे प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिससे डंडई और रारो गांव के ग्रामीणों में काफी हर्ष व्याप्त है। वर्षों से इन दोनों गांवों के लोगों द्वारा उच्च विद्यालय की मांग की जा रही थी, जो अब जाकर पूरी होती दिखाई दे रही है। बता दे कि प्रखंड मुख्यालय डंडई में आज तक एक भी सरकारी उच्च विद्यालय नहीं बन सका था।
जिससे ग्रामीणों के द्वारा लगातार उच्च विद्यालय की मांग कर रहे थे। वही छात्र-छात्राओं को आठवीं कक्षा बाद आगे की पढ़ाई के लिए करीब तीन किलो मीटर दूर लवाही जाना पड़ता था। उक्त मध्य विद्यालय को उत्क्रमण को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र भेजने का निर्देश दिया है।
विधायक अनंत प्रताप देव ने उक्त दोनों विद्यालयों के उच्च विद्यालय में उत्क्रमण को लेकर शिक्षा विभाग को अनुशंसा प्रेषित की थी। उन्होंने इस विषय को लेकर झारखंड विधानसभा में भी इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे विस्तृत जानकारी सहित प्रस्ताव जिला शिक्षा कार्यालय को शीघ्र उपलब्ध कराएं।इधर उक्त दोनों मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय में उत्क्रमण होने की खबर सुन ग्रामीणों में काफी हर्ष देखा जा रहा है।
ग्रामीणों ने विधायक अनंत प्रताप देव को इस कार्य का सराहना किया। ग्रामीणों का कहना है कि यह दोनों मध्य विद्यालय को पहले ही उच्च विद्यालय में उत्क्रमित हो जाना चाहिए था। लेकिन ग्रामीणों का लंबे समय का मांग पूरा हुआ। अब छात्र-छात्राओं को उच्च कक्षाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।