झारखंड में मानसून देगा दस्तक, अब झूम कर बरसेगें बदरा ...

झारखंड में मानसून देगा दस्तक,  अब झूम कर बरसेगें बदरा ...

बंशीधर न्यूज / अभिनव शुक्ला

झारखंड में 19 तक मानसून के पहुंचने की उम्मीद, 21 तक होगी बारिश

रांची : भारत में मानसून का इंतजार लोगों को बेसब्री से रहता है। इस भीषण तपती गर्मी से हर कोई राहत चाहता है। वहीं इस बार भी मानसून धीरे धीरे अमूमन अब हर राज्य में दस्तक दे रहा है। इसी कड़ी में अगले कुछ दिनों में झारखंड में मानसून दस्तक देने वाला है। अब यहां बदरा झूम के बरसेगें। झारखंड के कई जिलों मे भीषण गर्मी देखने को मिल रहा है। लेकिन अब मानसून के दस्तक से लोगों को राहत मिलने की संभावना है। अब बारिस का इंतजार कर रहें किसानों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिलेगा।

महज कुछ दिनों बाद बरसेगें बदरा ....

झारखंड में दक्षिणी-पश्चिमी मानसून के 19 जून तक (अगले तीन दिनों में) पहुंचने की उम्मीद है। यह जानकारी मौसम विभाग ने सोमवार को दी है। विभाग के अनुसार मानसून के अगले तीन दिनों में पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहुंचने की संभावना है। मानसून के प्रभाव से राज्य विभिन्न जिलों में 21 जून तक प्री- मानसून की बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार 17 और 18 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होगी। 17 जून को दक्षिण-पश्चिम जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।

विभाग के अनुसार 18 जून को उत्तरी-मध्य और निकटवर्ती उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा और प्रचंड गर्मी और उमस महसूस किया गया। रांची में 87 प्रतिशत उमस रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घण्टों के दौरान राज्य के लातेहार में एक मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान डालटेनगंज में 40.9 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आपको बता दें कि सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री, जमशेदपुर में 35.4, डालटेनगंज में 39, बोकारो में 37.1 और लोहरदगा का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।