भाजपा कार्यकर्ता के बूते झारखंड में बनेगी भाजपा की सरकार : सीपी सिंह

बंशीधर न्यूज
मेदिनीनगर : राष्ट्रवाद को समर्पित दल भाजपा के सभी कार्यकर्ता अंशकालिक नहीं, बल्कि पूर्णकालिक हैं और वे साल के सभी 365 दिन पार्टी कार्य में लगे रहते हैं। आम जनता की समस्या से रूबरू होते हैं एवं तत्परता से उसका निदान करते हैं। उक्त बातें पूर्व मंत्री सह भाजपा विधायक चंदेश्वर प्रसाद सिंह ने कही। वे टाउन हॉल में आयोजित अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत हार का फैसला बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बदौलत होता है और इस बार उन्हीं के बूते झारखंड में पूर्ण बहुमत की भाजपा की सरकार बनेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अमित तिवारी व संचालन नगर मंडल अध्यक्ष अविनाश सिन्हा छोटू ने किया। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। कार्यक्रम में डाल्टनगंज विधानसभा के टापर्स बूथ अध्यक्षो को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के बदौलत ही लोकसभा चुनाव में डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र से तकरीबन 86000 मतों से पार्टी प्रत्याशी ने बढ़त बनाई थी। सांसद विष्णु दयाल राम ने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का इस भीषण गर्मी में लोकसभा चुनाव में बूथ पर डट कर कार्य करने और इतने भारी बहुमत से जीत दिलाने के लिये आभार व्यक्त करते हुये कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा आज प्रदेश की सरकार चला रही है। ऐसे में इससे क्षेत्र की जनता का कल्याण नहीं हो सकता।
विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर विधानसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य संकल्प के साथ रखना है। ताकि आने वाले समय में प्रदेश से इस भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी हेमंत सोरेन सरकार को उखाड़ फेंकें। मौके पर श्याम नारायण दुबे, विपिन बिहारी सिंह, प्रेम सिंह, परशुराम ओझा, नरेंद्र पांडेय, विभाकर नारायण पांडेय, विनोद सिंह, दुर्गा जौहरी, अजय तिवारी, उदय शुक्ला, अरुणा शंकर, मंगल सिंह, प्रभात भुईयां सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।