भाजपा नेता टिकैत चौबे का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

भाजपा नेता टिकैत चौबे का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

भाजपा की टिकट पर 1990 में लड़े थे विस चुनाव, राम मंदिर आंदोलन में भी थे काफी सक्रिय 

बंशीधर न्यूज

विश्रामपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार चौबे उर्फ टिकैत चौबे का निधन 78 वर्ष की उम्र में बुधवार को हो गया। जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह 7.30 बजे उनकी तबियत अचानक बिगड़ने लगी। रेहला में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिये मेदिनीनगर के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया। वे अपने पीछे पांच पुत्री व दो पुत्र सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गये हैं।

टिकैत चौबे के छोटे पुत्र पूर्व प्रमुख संतोष चौबे ने बताया कि उनका दाह संस्कार गुरुवार को पैतृक गांव केतात के ही श्मशान घाट पर किया जायेगा। अंतिम दर्शन के लिये उनका पार्थिव शरीर रेहला थाना क्षेत्र अंतर्गत केतात गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर रखा गया है। उनके निधन की सूचना मिलते ही अंतिम दर्शन के लिये लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है।

अंतिम दर्शन करने वालों में वरीय कांग्रेसी अमृत शुक्ला, विजय चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडेय, सुनील पांडेय, कुश कुमार ओझा, डॉ वीपी शुक्ला, सांसद प्रतिनिधि अनुज पांडेय, राजेश चौबे, अजय शुक्ला, ग्रासिम के जनसंपर्क अधिकारी नीतेश पांडेय, अनिल गिरी, गांधी विचार मंच के अध्यक्ष रवींद्र नाथ उपाध्याय, राजद नेता संजय उपाध्याय, अमरेश तिवारी, सुशील शुक्ला, धनंजय पांडेय, संजय तिवारी, राजबिहारी तिवारी, ओम प्रकाश पांडेय सहित कई लोगों के नाम शामिल हैं।

उधर उनके निधन पर पलामू सांसद विष्णु दयाल राम, पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, खैरा विकास मंच के अध्यक्ष ललन प्रसाद पांडेय, जिला पार्षद विजय रविदास सहित कई लोगों ने शोक व्यक्त किया है।

भाजपा के संस्थापक सदस्य थे टिकैत चौबे टिकैत चौबे

भाजपा के स्थापना काल से ही जुड़े हुये थे। वे राम जन्मभूमि आंदोलन में काफी सक्रिय थे। भाजपा के टिकट पर उन्होंने 1990 में विश्रामपुर-मझिआंव विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था। राजनीत में उनकी छवि कड़क व ईमानदार नेता के रूप में थी। उन्होंने कभी भी अपनी जिंदगी में मानवीय मूल्यों से कोई समझौता नहीं किया और न ही किसी दबाव में आकर कोई राजनीतिक निर्णय लिया।

शुरुआती दौर से ही उन्होंने पार्टी के समर्पित सिपाही के रूप में जीवन पर्यंत कार्य करते रहे। पार्टी के विभिन्न पदों पर रहकर उन्होंने बखूबी ईमानदारी व निष्ठा पूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन किया था। वे भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर भी रहकर लोगों की समर्पित भाव से सेवा किये थे, उनकी कमी क्षेत्र व भाजपा दोनों को हमेशा खलेगी।