जनता दरबार में सुनी गई आम जन की पीड़ा, डीसी ने दिये त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जनता दरबार में सुनी गई आम जन की पीड़ा, डीसी ने दिये त्वरित कार्रवाई के निर्देश

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : समाहरणालय सभागार में डीसी दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये आम नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं डीसी के समक्ष रखा। जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुये डीसी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मौके पर ही आवेदनों की प्रति अग्रसारित की और त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कुछ मामलों में तो मौके पर ही समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाये गये।

जनता दरबार में नगर ऊंटारी प्रखंड के पीपरडीह, सरहसताल और बारोडीह के राशन कार्डधारियों ने अनुरोध किया कि उन्हें पूर्ववत जन वितरण प्रणाली दुकानदार रवींद्र प्रताप देव से ही राशन दिया जाय। वर्तमान डीलर प्रणय कुमार पिछले सात महीने से राशन वितरण नहीं कर रहे हैं और निलंबित भी हो चुके हैं। रंका प्रखंड के मझिगावां निवासी सीमा देवी ने संयोजिका पद से हटाये जाने को लेकर स्कूल के प्रधानाध्यापक और अध्यक्ष पर जातीय भेदभाव का आरोप लगाया।

उन्होंने ग्राम सभा द्वारा चयनित संयोजिका के रूप में पुनः बहाली की मांग की। केतार प्रखंड के परसोडीह निवासी रवींद्र राम ने गांव के ही कुछ दबंगों पर निजी जमीन कब्जाने और मारपीट का आरोप लगाते हुये अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई। नगर ऊंटारी प्रखंड के अरविंद कुमार ने बताया कि उनकी दो पुत्रियां रूपांजलि कुमारी और डोली कुमारी अब तक सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ नहीं पा सकीं। उन्होंने जिला समाज कल्याण कार्यालय पर फंड की कमी का हवाला दिये जाने की बात कही।

मौके पर डीसी श्री यादव ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिये प्रतिबद्ध है। जनहित से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता दी जाय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। डीसी ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि जनता दरबार केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है।