राम दरबार व दुर्गा मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ को लेकर निकली कलश यात्रा

राम दरबार व दुर्गा मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ को लेकर निकली कलश यात्रा

सांसद समेत कई गणमान्य हुये शामिल

रथ पर सवार होकर यज्ञाचार्य मुमुक्षु स्वामी जी महाराज भी हुये शामिल

बंशीधर न्यूज

विश्रामपुर : रेहला थाना क्षेत्र के केतात में नवनिर्मित राम दरबार व उंटारी रोड थाने के मलवरिया गांव में नवनिर्मित दुर्गा मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आयोजित महायज्ञ को लेकर बुधवार को दोनों जगहों से यज्ञशाला परिसर से कलश यात्रा निकाली गई।

जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के साथ पलामू के सांसद वीडी राम, उंटारी के जिला पार्षद अरविंद सिंह, विभाकर पांडेय, भाजपा नेता डॉ ईश्वरसागर चंद्रवंशी, अशोक पांडेय, कांग्रेसी नेता अमृत शुक्ला, सांसद प्रतिनिधि अनुज पांडेय समेत कई गणमान्य लोग शामिल थे। यज्ञाचार्य मुमुक्षु स्वामी जी महाराज के सानिध्य में गाजे- बाजे के साथ मलवरिया यज्ञशाला परिसर से निकली जलयात्रा में नव परिधान में शामिल हजारों महिला-पुरुष, युवक- युवतियां बांकी नदी के संगम पर पहुंचे जहां से जल भरकर पुनः यज्ञशाला परिसर पहुंचे जहां कलश स्थापना के साथ प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला पार्षद मनोज सिंह कर रहे थे। जलयात्रा में पूर्व प्रमुख रामसेवक राम, भाजपा नेता वेदप्रकाश शर्मा, सांसद प्रतिनिधि राजाराम मेहता, मुखिया रामवचन राम, पूर्व मुखिया राजमणि सिंह समेत कई गणमान्य लोग शामिल थे।

जबकि केतात गांव में नवनिर्मित राम दरबार परिसर से प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ को लेकर निकली शोभायात्रा में सांसद वीडी राम, राजद नेत्री ममता भुईयां, कांग्रेसी नेता संतोष चौबे, विजय चौबे, शशिनाथ चौबे, डॉ प्रकाश परिमल, सतीश चौबे, नवीन चौबे समेत कई गणमान्य लोगों के अलावे हजारों महिला पुरुष, युवक युवतियां शामिल थीं।

जलयात्रा में जय श्रीराम के उद्घोष करते सैकड़ों युवक हाथ में भगवा व महावीरी झंडा लिये आगे बढ़ रहे थे। जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा है। क्षेत्र में जहां मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर गांव-गांव में धार्मिक आयोजन चल रहा है। वहीं कई गांव व शहर में आयोजित महायज्ञ व रामचरित नवाह्न परायण को लेकर वातावरण भक्तिमय हो गया है।