प्यार में धोखा खाई युवती का सहारा बना कन्या विवाह एंड विकास सोसाईटी

प्यार में धोखा खाई युवती का सहारा बना कन्या विवाह एंड विकास सोसाईटी

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : प्यार में धोखा खाकर बेसहारा बन चुकी युवती जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के टाटीदीरी गांव निवासी 18 वर्षीय रेखा कुमारी का कन्या विवाह एंड विकास सोसाईटी सहारा बना। संस्था के सचिव विकास कुमार माली ने उसकी स्थिति से अवगत होने के बाद प्रशासन के प्रयास से रेखा और उसके बच्चे को सुरक्षा और आश्रय देने की जिम्मेदारी उठाई।

संस्था के सचिव श्री माली ने कहा कि रेखा को कोर्ट के आदेश आने तक पूरी सुरक्षा और हर संभव मदद दी जायेगी। हमारी संस्था बेसहारों को हर संभव मदद करने को तत्पर है। बताया जाता है कि रेखा न्याय के लिये संघर्ष कर रही है। रेखा ने बताया कि मेराल थाना क्षेत्र के देवगाना गांव निवासी सुजीत प्रजापति ने उसे शादी का झांसा देकर करीब एक साल पहले शारीरिक संबंध बनाया। जब रेखा ने गर्भवती होने की बात सुजीत को बतायी तो उसने बच्चा होने के बाद शादी करने का वादा किया।

एक अगस्त को रेखा ने एक बच्चे को जन्म दी। जब उसने सुजीत से शादी की बात की, तो उसने साफ इनकार कर दिया। सुजीत का दावा था कि बच्चा उसका नहीं है। इस धोखे से आहत रेखा ने धुरकी थाना में सुजीत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद जब पुलिस कार्रवाई में देरी हुई, तो रेखा ने सुजीत के घर के बाहर धरना देना शुरू कर दी। यह धरना लगभग एक महीने तक चला। इस दौरान रेखा ने कई बार प्रशासन और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं निकला।

सोमवार को मेराल थाना प्रभारी और गढ़वा महिला थाना प्रभारी ने रेखा से मुलाकात की और उसे आश्रय गृह में रहने का सुझाव दिया। हालांकि रेखा ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दी। उसने प्रशासन से उसे और उसके बच्चे को सुजीत की जिम्मेदारी में रखने की मांग की। क्योंकि सुजीत ने ही उसे इस स्थिति में डाला है।

फिलहाल रेखा और उसका बच्चा सोसाईटी के पास सुरक्षित है। लेकिन न्याय की प्रक्रिया धीमी गति से चल रही है। रेखा का कहना है कि वह सुजीत से शादी और अपने बच्चे के अधिकारों के लिये लड़ाई जारी रखेगी।