बीडीसी पति योगेंद्र प्रसाद पर गोली चलाने वाले दो गिरफ्तार

बीडीसी पति योगेंद्र प्रसाद पर गोली चलाने वाले दो गिरफ्तार

देसी कट्टा, जिंदा गोली, मोटरसाइकिल व दो मोबाइल बरामद

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : जिले के चिनियां थाना क्षेत्र के सिगसिगा खुर्द निवासी बरवाडीह पंचायत समिति सदस्य पति योगेंद्र प्रसाद पर गोली चलाने वाले दो अपराध कर्मियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर ली है। इनके पास से एक देशी कट्टा, 315 बोर का एक जिंदा गोली, घटना में प्रयुक्त सफेद रंग का अपाची बाईक, दो मोबाईल आदि बरामद किया गया है।

गिरफ्तार अपराध कर्मियों में गढ़वा जिले के मझिआंव थाना अंतर्गत करूई निवासी रवींद्र सिंह का पुत्र अमित कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह एवं पलामू जिला अंतर्गत पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के गोंगो गांव निवासी स्व श्यामदेव सिंह का पुत्र नितेश कुमार सिंह उर्फ नीतू सिंह का नाम शामिल है।

एसपी दीपक कुमार पांडेय ने गुरुवार को अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी। एसपी श्री पांडेय ने बताया कि गत 7 मार्च को सिगसिगा खुर्द निवासी योगेंद्र प्रसाद पर तहले घाटी में फायरिंग किया गया था। इस घटना में योगेंद्र घायल हो गये थे। योगेंद्र की प्राथमिकी के आधार पर रंका एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान उक्त दोनों अपराध कर्मियों को चिनियां थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांव से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों के स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार एसपी ने बताया कि योगेंद्र प्रसाद के गांव के ही मंदीप यादव से पंचायत के मनरेगा योजना की ठेकेदारी को लेकर विवाद चल रहा था। मंदीप और नितेश सिंह द्वारा मनरेगा योजना के ठेकेदारी के लिये प्रखंड से काफी योजना पंचायत से स्वीकृत कराया गया था।

जिसका विरोध करने पर कई योजना खारिज हो गया था। इसी बात को लेकर कुछ दिन पहले मंदीप यादव और योगेंद्र के बीच मारपीट की घटना हुई थी। 2024 में ही दोनों तरफ से चिनियां थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में मंदीप जेल में है। जेल जाने से पहले मंदीप योगेंद्र को रास्ते से हटाने के लिये अमित कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह और नितेश सिंह के साथ पुन्दाग (रांची) स्थित अपने मकान में षड्यंत्र रचा था।

अमित कुमार सिंह और नितेश सिंह के बीच दोस्ती थी। उन्होंने बताया कि घटना के दिन अमित और नितेश एक अपाची बाईक से पेशका होते हुये चफला पहुंचे। जिस रास्ते से योगेंद्र आता जाता था, वहां खड़ा होकर इंतजार करने लगे। जैसे ही योगेंद्र बाईक से तहले घाटी के पास पहुंचा। दोनों ने पीछा कर योगेंद्र पर गोली चला दी।

योगेंद्र वहां से किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। एसपी ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि अमित पर पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। प्रेस वार्ता में एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह, पुलिस निरीक्षक सुभाष कुमार पासवान, अमित कुमार, नवीन कुमार राणा, राधेश्याम राम आदि लोग शामिल थे।