भगवान श्रीराम ने कभी नहीं सिखाया एक दूसरे से भेदभाव करना : विधायक

भगवान श्रीराम ने कभी नहीं सिखाया एक दूसरे से भेदभाव करना : विधायक

बलिया के भोजपुरी लोक गायक स्वामीनाथ व झारखंड के व्यास शिवशंकर की गीत संगीत पर रात भर झूमते रहे दर्शक

बंशीधर न्यूज

विश्रामपुर : श्रीरामनवमी पूजा के मौके पर विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सोमवार को दशमी तिथि के दिन में धार्मिक आयोजनों के सफल समापन के बाद रात्रि में सांस्कृतिक गायन मुकाबला( दुगोला) का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने पूजा महासमिति के संस्थापक अध्यक्ष सह भाजपा नेता धर्मदेव सिंह यादव व कमेटी के अन्य सम्मानित सदस्यों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पूर्व पूजा कमेटी की ओर से विधायक सहित मंच पर उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों को धार्मिक ग्रन्थ श्रीरामचरितमानस व अंगवस्त्र देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

उस मौके पर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि रामनवमी हमलोग मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव के रूप में मनाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की जीवनशैली में कहीं भी कोई भेदभाव, जाति सम्प्रदायवाद के अलावे वर्ग व धर्मविभेदवाद नहीं रहा है।

उन्होंने समाज के किसी वर्ग सम्प्रदाय के लोगों से भेदभाव नहीं करने की सीख दिया था। इसलिए हम सबों को उन्हीं के आदर्शों को अपनाकर पर्व मनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पुछले 10 वर्षों से वे इस क्षेत्र के लोगों के साथ मिलकर उनके सुख दुख में हिस्सा बनते आये है। जिसके कारण ही आज वे इस मुकाम पर है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि विधायक मद से जो भी उनके पास होगा वह यहां के लोगों का होगा। जो वे पूर्व से दुहराते आ रहे हैं।

उनके संबोधन के तुरन्त बाद बलिया के व्यास स्वामीनाथ ने गणेश वंदना से कार्यक्रम का आगाज कर समां बांध दी। इसके बाद व्यास शिवशंकर यादव ने भी अपने सहयोगी कलाकारों के साथ सुमिरन की प्रस्तुति कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

उत्तरप्रदेश के बलिया से आये भोजपुरी के नारदीय विधा के चोटी कलाकार व्यास स्वामीनाथ व झारखंड के धनबाद कोल क्षेत्र में ही नहीं बल्कि बिहार, झारखंड व बंगाल राज्य में अपनी सुर व कला की जादू से एक अलग पहचान स्थापित कर चुके लोक गायक व्यास शिवशंकर यादव के बीच हुई गायन मुकाबला ( दुगोला) में अलग अलग विधा व रस से भरपूर गीत संगीतों से हजारों दर्शक समवेत स्वर में तालियां बजाकर रात भर झूमते रहे।

सुबह तक गीत संगीत का मुकाबला दोनों गायक कलाकारों के बीच होता रहा। गायन मुकाबला के समापन पर उन्हें मोमेंटो व धार्मिक ग्रंथ देकर विदा किया गया। वहीं अलग अलग कमेटियों के बेहतर प्रदर्शन व झांकी के लिए भी कमेटी की ओर से पुरस्कृत किया गया।

हर साल होता है आयोजन

श्रीरामनवमी पूजा को लेकर दशमी तिथि को प्रति वर्ष तय कार्यक्रम के तहत जिले के पांडू प्रखंड के कजरु कला के सीताराम नगर में निर्माणाधीन महावीर मंदिर परिसर में क्षेत्र का सबसे बड़ा आयोजन होते आ रहा है। दशमी तिथि को दिन में 30 गांवों के पूजा समितियों के झंडा मिलान आयोजन पिछले डेढ़ दशक से होते आ रहा है। शुरुआती दौर से ही सभी कार्यक्रमों का आयोजन पूजा महासमिति के संस्थापक अध्यक्ष वरीय भाजपा नेता धर्मदेव सिंह यादव की अध्यक्षता में निर्विध्न सम्पन्न होते आ रहा है।

जो थे उपस्थित

मौके पर जिले के वरीय अधिवक्ता धीरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ पपु सिंह, भाजपा नेता सुनील पासवान, सहित जिला विद्युत उपभोक्ता संघ के अध्यक्ष भाई गोविंद सिंह, शिक्षक नेता प्रद्युम्न सिंह उर्फ सिंटू सिंह, बसपा नेता गोपाल राम आदि उपस्थित थे।