गढ़वा की मानस मंडली ने अयोध्या श्रीराम मंदिर में किया सुंदरकांड का पाठ

गढ़वा की मानस मंडली ने अयोध्या श्रीराम मंदिर में किया सुंदरकांड का पाठ

बंशीधर न्यूज

गढ़वा: राम काज किन्हें बिनु ,मोही कहां विश्राम;रामचरितमानस की उक्त चौपाई को मंगलवार 30 जुलाई को चरितार्थ किया है, मानस मंडली गढ़वा के लोगों ने अयोध्या के श्री राम मंदिर परिसर में सुंदरकांड का सामूहिक पाठ कर। मानस मंडली गढ़वा द्वारा बिना रुके, बिना थके लगातार 11 वर्षों तक अखंड 500वा संगीतमय साप्ताहिक सुंदरकांड पाठ का ऐतिहासिक आयोजन परम पवित्र अयोध्याधाम के श्री राम मंदिर परिसर में किया गया जो गढ़वा ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड के लोगों को गौरवान्वित करने वाला है।

261 महिला पुरुष मानस प्रेमियों की टीम जब अयोध्या के स्टेशन पर उतरी तो स्थानीय श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों द्वारा लोगों का भावपूर्ण स्वागत किया गया। महान संत तथा कथा वाचक बाल स्वामी श्री प्रपन्नाचार्य जी महाराज के नेतृत्व में मानस मंडली की पूरी टीम नवनिर्मित श्री राम मंदिर परिसर पहुंची जहां स्थानीय व्यवस्थापकों द्वारा लोगों का स्वागत किया गया। इस दौरान मानस मंडली के सदस्यों द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ, जय जय श्री राम की जय घोष किया जाता रहा है, वाद्य यंत्रों के साथ भजन कीर्तन तथा भक्ति नृत्य किया जाता रहा।

श्रद्धालुओं ने सबसे पहले सरयू स्नान के बाद भगवान राम लला का दर्शन किया तत्पश्चात वहां के विशाल प्रसाल में भक्ति भावना से उत्प्रोत होकर कर्ण प्रिय वाद्य यंत्रों के साथ सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया। बाल स्वामी प्रपन्नाचार्य महाराज के नेतृत्व में लोगों ने सामूहिक रूप से जय हो राजा राम तेरी आरती उतारू,तथा श्री रामचंद्र कृपालु भजमन.. आदि आरती का सामूहिक गायन किया जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय था।

मानस मंडली की टीम में पुरुषों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाओं तथा बच्चों की भागीदारी थी, सभी लोग एक तरह के परिधान में थे, ललाट पर तिलक, हाथ में रामचरितमानस तथा सुंदरकांड का पवित्र पुस्तक लिए जब 261 लोगों की टीम अयोध्या की गलियों से गुजर रही थी तो स्थानीय लोग आश्चर्य से देख रहे थे। मानस मंडली द्वारा श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट तथा मंदिर के व्यवस्थापको एवं वरिष्ठ प्रबंधकों को माल्यार्पण अंग वस्त्र तथा मोमेंटम देकर स्वागत करने के बाद पवित्र मंदिर परिसर में स्थान एवं समय उपलब्ध कराने के लिए कृतज्ञता प्रकट किया गया।

मंडली द्वारा जब सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा था उस दौरान विभिन्न स्थानों से आए दर्शनार्थी भी मानस मंडली के साथ शामिल होकर सुंदरकांड का पाठ कर भरपूर आनंद उठाया। 261 लोगों की टीम को सहेज कर सुरक्षित अयोध्या धाम पहुंचने में मंडली के मुख्य गायक अरुण दुबे, संयोजक द्वारकानाथ पांडे, आत्मा पांडे, बृजेश पांडे, अमरेंद्र कुमार मिश्र, शेखर सिन्हा, अशोक पटवा, रासबिहारी तिवारी, श्रीपति पांडे, दिलीप पाठक, राकेश तिवारी, सतीश चौबे, रघुपत सिंह, दिलीप श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा, दिवाकांत पाठक, प्रमोद प्रसाद गुप्ता आदि लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।