रांची में संदिग्ध हालात में मिला मां-बेटी का शव

रांची में संदिग्ध हालात में मिला मां-बेटी का शव

बंशीधर न्यूज

रांची: शहर के बुढ़मू थाना क्षेत्र अंतर्गत साड़म गांव के तालाब से संदिग्ध हालात में मां और बेटी का शव मिला। मृतकों की पहचान संगीता देवी और अनुष्का कुमारी (ढाई साल) के रूप में हुई है। महिला और उसकी बेटी के गले, आंख और चेहरे में चोट का निशान पाये गए हैं। महिला के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस ने मृतका के पति डबलू यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मृतका के पिता ने आवेदन में लिखा है कि उनकी बेटी संगीता की शादी 2020 में हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर पूरा परिवार उसके साथ मारपीट करता था। इस वजह से संगीता अक्सर मायके में ही रहती थी। इस बीच रविवार को उसका पति आया और उसे साथ लेकर चला गया।

इसके बाद सोमवार सुबह संगीता और उसकी तीन वर्षीय बेटी का शव मिला। पिता का कहना है कि ससुराल वालों ने जानबूझ कर हत्या को आत्महत्या का रंग देने के लिए शव को तालाब में फेंक दिया है। डीएसपी आरएन चौधरी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।